
Greater Noida (चेतना मंच)। थाना जेवर क्षेत्र के जहांगीरपुर में गत दिनों नामकरण समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग के फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
ग्रेटर नोएडा जोन के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने हर्ष फायरिंग के फरार आरोपी रोहित सिंह को झाझर रोड से गिरफ्तार किया गया है। गत शुक्रवार को जहांगीरपुर में आयोजित नामकरण समारोह में पलवल हरियाणा निवासी प्रेमपाल राणा पुत्र बाबूराम राणा अपने रिश्तेदार उदयवीर सिंह के साथ कार्यक्रम में आया था।
नामकरण कार्यक्रम के दौरान जहांगीरपुर निवासी रोहित पुत्र जान सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। रोहित ने तमंचे से कई फायर किए। इस दौरान तमंचे से चली एक गोली प्रेमपाल के सीने में जा लगी। गोली लगने से प्रेमपाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने गंभीर हालत में प्रेमपाल को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद रोहित सिंह मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।