
Greater Noida (चेतना मंच)। ड्रग सिंडिकेट द्वारा उड़ीसा से तस्करी कर लाए गए गांजे की एक बड़ी खेप गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा बरामद की गई है। गौतमबुद्ध नगर में गांजे की यह अब तक की सबसे बड़ी खेप बताई जा रही है। तस्करी करके लाए गए गांजे को नोएडा-ग्रेटर नोएडा, दिल्ली में सप्लाई किया जाना था। दो थाना क्षेत्रों, स्वाट टीम व एंटी ऑटो थेफ्ट टीम द्वारा पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपए का 704 किलो गांजा बरामद किया गया है।
ग्रेटर नोएडा जोन के डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि एंटी ऑटो थेफ्ट टीम की सूचना पर थाना बीटा-2 पुलिस ने बीती शाम लवलेश साहू व राम मूरत को हौंडा चौक के पास से गिरफ्तार किया। इनके पास से करीब 3 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियो ने बताया कि वह ड्रग पेडलरों के लिए गांजे का सैंपल लेकर दिल्ली और नोएडा जा रहे थे। दोनों आरोपियों से जब कड़ाई पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि देर रात हरियाणा के रास्ते गांजा की एक बड़ी खेप लाई जाएगी।
सूचना के आधार पर थाना जेवर, थाना बीटा-2, स्वाट टीम ने जेवर के झुप्पा बॉर्डर पर घेराबंदी कर दी। देर रात्रि हरियाणा की तरफ से आ रहे एक 10 टायरा कंटेनर व स्विफ्ट कार को मुखबिर के इशारे पर रोका गया। कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें से बोरियों में भरा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कंटेनर व कार सवार नदीम, नाजिम निवासी मुरादाबाद व अंजनी तिवारी निवासी बांदा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में इनके पास से 45 हजार भी बरामद हुए।
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वह उड़ीसा के ग्राम राम मदुरई से सडक़ के रास्ते गांजे की खेप लेकर आते हैं। इस गांजे को नोएडा, ग्रेटर नोएडा व दिल्ली में छोटे तस्करों को बिक्री के लिए दिया जाता है। उन्होंने बताया कि तस्कर उड़ीसा से करीब 10 से 15 हजार रूपए किलो के बीच गांजा खरीद कर लाते हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि वह खुले बाजार में गांजा को 30 से 40 हजार रूपए प्रति किलो बेचते हैं। तस्करों के पास से बरामद 704 किलो गांजा की बाजार में कीमत दो करोड़ रुपए से अधिक बताई जाती है। Greater Noida