
Greater Noida : (चेतना मंच)। कुख्यात भू-माफिया एवं चिटहेडा गांव में अरबों रुपये का भूमि घोटाला करने वाले मास्टरमाइंड यशपाल तोमर के एक गुर्गे को थाना दादरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था।
थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर आरबी नॉर्थलैंड के पास से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चले आ रहे बेलू को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी कुख्यात भू-माफिया यशपाल तोमर का खास गुर्गा है। पुलिस ने चिटहेड़ा गांव में किए गए भूमि घोटाले में मास्टरमाइंड यशपाल तोमर सहित आठ लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई थी। इस घोटाले की जांच एसआईटी द्वारा की गई थी, जिसके बाद इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।
दादरी कोतवाली प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि यशपाल तोमर पुत्र महेंद्र सिंह तोमर, कर्मवीर पुत्र प्यारेलाल, बेलू पुत्र रामस्वरूप, कृष्णपाल पुत्र छोटे, मालू पुत्र वीरेंद्र, नरेंद्र कुमार पुत्र पीतांबर लाल, शीतला प्रसाद पुत्र अलगू राम व गोवर्धन पुत्र लीलाधर के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
बता दें कि यशपाल तोमर पर आरोप है कि उसमें अपने साथियों के साथ मिलकर चिटहेड़ा गांव के किसानों को डरा धमका कर उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कराएं और उनकी जमीन हड़प ली। अरबों रुपए के घोटाले के मास्टरमाइंड यशपाल तोमर को उत्तराखंड एसटीएफ ने वर्ष 2022 में दिल्ली से गिरफ्तार किया था। इसके बाद से वह हरिद्वार जेल में बंद है उसके खिलाफ हरिद्वार पुलिस द्वारा भी गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है।