
Greater Noida : पूरी दुनिया में बृहस्पतिवार को हिन्दी दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में नोएडा व ग्रेटर नोएडा समेत देशभर के स्कूलों में अनेक आयोजन हुए। ग्रेटर नोएडा में स्थित पेसिफिक वर्ल्ड स्कूल में हिन्दी दिवस के अवसर पर कहानी, स्लोगन और निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का स्कूल की प्रिंसिपल पूजा बोस और अध्यापकों ने उत्साहवर्धन किया।
ग्रेटर नोएडा स्थित पेसिफिक वर्ल्ड स्कूल में हिंदी दिवस पूरी धूमधाम के साथ मनाया गया। 11 सितंबर से 15 सितंबर तक स्कूल में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की हिन्दी में रुचि और भाषा ज्ञान को बढ़ाना है। हिन्दी सप्ताह के चौथे दिन विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्कूल में आयोजित स्लोगन, कहानी वाचन, पहेलियां और निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं अध्यापकों ने विद्यार्थियों को हिन्दी दिवस के महत्व की जानकारी दी।
स्कूल की प्रिंसिपल पूजा बोस ने कहा कि हिन्दी हमारी मातृभाषा एवं हमारा दायित्व है, हमें हिन्दी का प्रचार प्रसार करना चाहिए। यह दिवस मनाने का सबसे मुख्य कारण हिन्दी भाषा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना है। हिन्दी सप्ताह में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों का उल्लेखनीय प्रदर्शन रहा। उन्हें मातृभाषा के महत्व से अवगत कराया गया। गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी स्कूल में हिन्दी दिवस की धूम रही। स्कूल की प्रिंसिपल ने सभी अध्यापकों व विद्यार्थियों को हिन्दी दिवस की बधाई दी। Greater Noida