
Greater Noida (चेतना मंच)। यूपी में ग्रेटर नोएडा के गांव साकीपुर में मकान का निर्माण कार्य करा रहे एक व्यक्ति से हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने 5 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। रुपये ना देने पर हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर निर्माण कार्य कर रहे व्यक्ति व उसके एडवोकेट भाई पर जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
ग्रेटर नोएडा के ग्राम साकीपुर निवासी एडवोकेट कुलदीप सिंह ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि बीते 27 दिसंबर की शाम को उसका छोटा भाई हरदीप अपने मकान पर निर्माण कार्य कर रहा था। इस दौरान गांव का हिस्ट्रीशीटर बदमाश कमल पुत्र बूंदी व यतीश पुत्र कमल मौके पर आए। कमल ने उनसे कहा कि वह क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है और बनने वाले हर मकान से 5 लाख रुपये की रंगदारी लेता है। पैसे देने से इनकार करने पर कमल ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
एडवोकेट कुलदीप सिंह के मुताबिक उसके भाई ने उसे फोन कर अपनी जान का खतरा बताते हुए मौके पर आने को कहा। इस दौरान कमल ने अपने सहयोगी भूपेंद्र, राजेश, अक्षय, अनिल व अन्य अज्ञात युवकों को मौके पर बुला लिया। वह जैसे ही निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचा तो कमल व उसके साथियों ने उसके साथ लोहे की रोड, डंडे आदि से मारपीट शुरू कर दी। उसने जब बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके ऊपर तमंचे से फायर कर दिया। इस दौरान उसने पुलिस को फोन किया जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस हमले में घायल हरदीप को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के बीच प्लाट को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।