
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ आए दिन मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे धमकी देता है कि यदि उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो वह उस पर जमकर लट्ठ बजाएगा।
ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी स्थित श्याम अपार्टमेंट निवासी आरती (काल्पनिक नाम) ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपने पति में बच्चों के साथ रह रही है। आरती का आरोप है कि उसका पति विजेंद्र सिंह आए दिन उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट करता है। मारपीट के दौरान वह उसे भद्दी-भद्दी गालियां देता है जिससे उसे अपने बच्चों के सामने शर्मसार होना पड़ रहा है। विजेंद्र सिंह मारपीट के बाद पुलिस में शिकायत करने पर उस पर लट्ठ बजाने की धमकियां भी देता है।
पीड़िता के मुताबिक उसकी मां पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही है। इस कारण वह 22 अक्टूबर को अपने बच्चों को लेकर मायके जाना चाह रही थी। उसने जब पति से मायके जाने को कहा तो उसने इसी बात पर उसके साथ गाली-गलौज कर जमकर मारपीट की।
ग्रेटर नोएडा में कंपनी से सामान चोरी करा रहे सिक्योरिटी गार्ड व दो कबाड़ियों को कंपनी मालिक ने मौके पर ही धर दबोचा। आरोपियों को चोरी के समान के साथ थाना कासना पुलिस के हवाले किया गया है। पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी निवासी राकेश कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी साइट-5 में उद्गम प्रोसेस इक्विपमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी है। कंपनी की सिक्योरिटी के लिए उसने सिक्योरिटी गार्ड धर्मेंद्र को रखा हुआ है।
विगत 20 नवंबर की तड़के सुबह 4 वह बजे कंपनी का अचानक जायजा लेने के लिए पहुंचा। इस दौरान उसे गार्ड धर्मेंद्र व दो अन्य लोग कंपनी से एल्यूमीनियम तथा लोहे की प्लेट चोरी कर मोटर रिक्शा में लोड करते हुए दिखाई दिए। राकेश कुमार ने अन्य कर्मचारियों की मदद से सिक्योरिटी गार्ड धर्मेंद्र व उसके साथी इमरान व अरमान को मौके पर ही धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि राकेश कुमार के शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ कंपनी में चोरी करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सिक्योरिटी गार्ड के अलावा पकड़े गए दो अन्य आरोपी कबाड़ी का काम करते हैं। अरमान व इमरान सिक्योरिटी गार्ड से मिली भगत कर कंपनियों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।