
Greater Noida News : दादरी नगर में चल रहे सभासद बनाम पालिका अध्यक्ष के विवाद पर वरिष्ठ पत्रकार राजेश बैरागी ने बड़ा ही सटीक विश्लेषण किया है। हम यहाँ उनके द्वारा किया गया विश्लेषण ज्यों का त्यों प्रकाशित कर रहे हैं। यह विश्लेषण आपको ज़रूर पढ़ना चाहिए।
बीते सोमवार को अपनी उपेक्षा से नाराज़ चल रहे सभासदों और पालिकाध्यक्ष श्रीमती गीता पंडित के बीच सुलह कराने की उपजिलाधिकारी को मिल रही वाहवाही अभी संपन्न भी नहीं हुई है कि असंतुष्ट सभासदों पर पालिकाध्यक्ष द्वारा व्यक्तिगत हमले शुरू कर दिए गए हैं। उनकी रोजी रोटी से संबंधित कारोबार बंद करने के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं। पालिका के कुछ कर्मचारियों को भी सभासदों का पक्ष लेने के लिए धमकाया जा रहा है।
अपनी उपेक्षा और पालिका के कुछ कर्मियों द्वारा कथित अभद्रता से नाराज़ डेढ़ दर्जन सभासदों के विरुद्ध पालिकाध्यक्ष द्वारा मोर्चा खोल दिया गया है। बीते सोमवार को उपजिलाधिकारी दादरी आलोक गुप्ता द्वारा नाराज सभासदों और पालिकाध्यक्ष श्रीमती गीता पंडित को एक साथ बैठाकर कथित तौर पर समझौता करा दिया गया था। समझौते के अनुसार सभासदों के मान सम्मान का ध्यान रखना और अभद्रता करने वाले संविदा कर्मी को हटाया जाना शामिल था। समझौता बैठक में हुए निर्णय को सभासदों द्वारा स्वयं सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया गया था।
Also Read - Noida MotoGP : युवा वर्ग के लिए जुनून है बाइक रेस, नोएडा में होगा अदभुत नजाराअब बताया जा रहा है कि पालिकाध्यक्ष ने न तो उस कर्मचारी को हटाया है और न सभासदों के प्रति व्यवहार में परिवर्तन किया गया है। इसके उलट इनमें से कई सभासदों को उनके रोजी रोटी से संबंधित कारोबार में अनियमितता को लेकर नोटिस भेजे जा रहे हैं। एक सभासद को उसके द्वारा चलाए जा रहे आरओ वाटर प्लांट को बंद करने का नोटिस दिया गया है।
इसी प्रकार सभासदों का पक्ष लेने वाले पालिका कर्मियों को भी नौकरी से निकाल देने के लिए धमकाया जा रहा है। इस समूचे प्रकरण से आहत सभासद अगले सप्ताह लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे हैं। ये लोग वहां मुख्यमंत्री अथवा उनके निजी सचिव से मिलकर सारी कहानी बयां करना चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि दादरी नगर पालिका परिषद में नवनिर्वाचित सभासदों की संख्या 25 है। उनमें से दो तिहाई से अधिक सभासद पालिकाध्यक्ष की कार्यशैली से नाराज़ हैं। Greater Noida News