
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा शहर से आगरा जाने वाले यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे एक दुकान में अवैध ढंग से कैसीनो चलाने के मामले में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले में अब नया खुलासा यह हुआ है कि कैसीनो चलाने वाला माफिया हर महीने पुलिस के अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों यहां तक कि कुछ भाजपा नेताओं को "मंथली" देता था। यहां यह बताना जरूरी है कि अवैध धंधा चलाने वालों की भाषा में हर महीने दी जाने वाली रिश्वत को "मंथली" कहा जाता है।
सोशल मीडिया पर एक सूची वायरल हुई है। इस सूची में यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे कैसीनो चलाने वाले माफिया द्वारा हर महीने दी जाने वाली "मंथली" की डिटेल होने का दावा किया गया है। इस वायरल सूची में बताया गया है कि अवैध कैसीनो चलाने के लिए संरक्षण देने के एवज में जेवर कोतवाली में तैनात पुलिस अधिकारी को 2 लाख 20 हजार रूपये, जेवर थाने के ड्राईवर को 10 हजार रूपये, नीमका (जेवर) चौकी इंचार्ज करे 25 हजार रूपये, दो पत्रकारों को 20-20 हजार रूपये, पुलिस की एसओजी.... टीम को 20 हजार रूपये, भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता को 25 हजार रूपये मिलाकर हर महीने 3 लाख रूपये से अधिक की मंथली दी जाती थी।
सोशल मीडिया पर अवैध वसूली की लिस्ट जारी होने के बाद नोएडा पुलिस कमिश्नरी के तहत आने वाली जेवर थाने की नीमका चौकी के इंचार्ज लाखन सिंह को चौकी से हटा दिया गया है। अब नीमका चौकी पर नए चौकी इंचार्ज को तैनात किया गया है। साथ ही नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पूरे प्रकरण की जांच डीसीपी साद मियां खान को सौंप दी है। Greater Noida