दिवाली पर ग्रेटर नोएडा के साइट-5 और EPIP औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। बंद फैक्ट्रियों में चोरी और आगजनी रोकने के लिए पुलिस, UPSIDA और उद्यमियों ने सुरक्षा रणनीति तैयार की है।

Greater Noida News: दीपावली के त्योहार को देखते हुए ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। साइट-5 और EPIP औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों की सुरक्षा, श्रमिकों के वेतन और दीपावली बोनस समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने पुलिस प्रशासन, UPSIDA और श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बंद रहने वाली औद्योगिक इकाइयों में चोरी, आगजनी और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। 3 नवंबर 2026 को आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता ADCP संतोष कुमार ने की। इसमें पुलिस प्रशासन की ओर से ACP-3 डॉ. रवि शंकर मिश्रा, SHO कासना प्रदीप शर्मा और साइट-5 चौकी प्रभारी हर्षवर्धन मौजूद रहे। वहीं UPSIDA की ओर से रीजनल मैनेजर अनिल शर्मा और अधिशासी अभियंता एनके जैन शामिल हुए। श्रम विभाग से श्रम प्रवर्तन अधिकारी जय प्रकाश सिंह ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
यह भी पढ़ें : नोएडा प्राधिकरण पर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना स्थगित, 15 दिन का दिया अल्टीमेटम
बैठक में श्रमिकों को समय पर वेतन और दीपावली बोनस का भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा श्रमिकों की छुट्टियों और उनके आवागमन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों और उद्यमियों ने इस बात पर विचार किया कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिक अपने गृह जनपद चले जाते हैं, जिससे कई औद्योगिक इकाइयां अस्थायी रूप से बंद रहती हैं।
दीपावली की छुट्टियों में बंद रहने वाली फैक्ट्रियों को चोरों और असामाजिक तत्वों से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों की पहचान करने और जरूरत के अनुसार नए स्थानों पर CCTV कैमरे लगवाने जैसे सुझाव रखे गए। इसके साथ ही फैक्ट्री प्रबंधन, सुरक्षा गार्डों और अन्य कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश देने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाई जा सके।
यह भी पढ़ें : रवाना हुए हजारों BJP कार्यकर्ता, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में होंगे शामिल
IBA की ओर से आयोजित बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि दीपावली के दौरान औद्योगिक इकाइयों के बंद रहने की स्थिति में पुलिस प्रशासन, UPSIDA और उद्यमियों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे। इसका उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी, आगजनी और अन्य अप्रिय घटनाओं को रोकना है। IBA की ओर से उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, जॉइंट सेक्रेटरी विकास राय, साइट-5 सेक्टर सेक्रेटरी वीरेंद्र प्रताप रावल और वरिष्ठ सदस्य आकाश अश्वथी सहित कई उद्यमी मौजूद रहे। बैठक में वरिष्ठ उद्यमी प्रमोद झा और PPAP Automotive के सुनील कुमार दीक्षित ने भी सहभागिता की।
विज्ञापन