
Greater Noida (चेतना मंच)। अलग-अलग थाना क्षेत्र से एक छात्र सहित तीन किशोरी संदिग्ध स्थिति में लापता हो गई किशोरियों के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।
ग्रेटर नोएडा डी ब्लॉक निवासी राकेश (काल्पनिक नाम) ने थाना बीटा-2 में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 20 नवंबर को घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। दोपहर के समय स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह घर वापस नहीं लौटी। घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इस दौरान परिजनों को पता चला कि उनकी बेटी को बड़ोदरा गुजरात निवासी हर्षद कुमार बहला फुसलाकर कर अपने साथ ले गया है। हर्षद कुमार उनके पड़ोस में ही पिछले कुछ दिनों से रह रहा था।
ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र के कस्बे में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी 15 वर्षीय बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में अपने रिश्तेदार गौरव पुत्र जामन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि बेटी के गायब होने पर के बाद उसने जब गौरव के पिता से इस बारे में बात की तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इसके अलावा नोएडा के थाना सेक्टर-126 के ग्राम शाहपुर में किराए पर रहने वाले रमेश (काल्पनिक नाम) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 16 नवंबर को घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है पुलिस आरोपी युवकों व किशोरियों की तलाश कर रही है।