
Greater Noida : सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन में निर्माणाधीन इमारत की 12वीं मंजिल पर काम करते समय पैर फिसलने से मजदूर नीचे आ गिरा। गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि मूल रूप से ललितपुर जिले का रहने वाला 24 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र रामकिशन सूरजपुर कस्बे में रहकर मजदूरी करता था। धर्मेंद्र हाल में पुलिस लाइन में बन रही इमारत में मजदूरी कर रहा था। रविवार को ठेकेदार ने उसे 12वीं मंजिल पर काम करने के लिए भेजा था। काम करने के दौरान अचानक पैर फिसलने से धर्मेंद्र 12 वी मंजिल से नीचे आ गिरा। गंभीर रूप से घायल हुए धर्मेंद्र को ठेकेदार व अन्य मजदूरों ने तुरंत उपचार के अस्पताल पहुंचाया।
उपचार के दौरान धर्मेंद्र ने दम तोड़ दिया। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि परिजनों ने अभी ठेकेदार के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।
मजदूर की फिसलने से मौत मकान की पुताई के दौरान सीढ़ी फिसलने से नीचे गिरकर 2 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक मजदूर ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मूल रूप से ग्राम रामपुर बांगर रबूपुरा निवासी गुल मोहम्मद पुत्र अली शेर व इरफान स्वर्ण नगरी निवासी पवन कुमार के मकान की पुताई कर रहे थे।
रविवार को पुताई करने के दौरान सीढ़ी का संतुलन बिगडऩे से दोनों ऊंचाई से जमीन पर आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। पवन कुमार ने दोनों को उपचार के लिए यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया जहां गुल मोहम्मद की मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती इरफान की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि इस संबंध में परिजनों ने अभी कोई शिकायत नहीं दी है।