
ग्रेटर नोएडा लेटेस्ट : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा शहर के एक थाने में किन्नर को थाने में बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। थाने में किन्नर की पिटाई का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पीड़ित किन्नर का आरोप है कि उसे सड़क पर भी पीटा गया। इस बाबत एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला 28 सितंबर 2023 और दादरी कोतवाली का बताया जाता है। एक किन्नर ने जेल से छूटने के बाद लिखित शिकायत देकर न्याय व कार्रवाई की मांग की है। वहीं दादरी पुलिस ने थाने में पिटाई के आरोप को निराधार बताया है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने एसीपी दादरी को मामले की जांच सौंपी है।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के दादरी कस्बा निवासी हिना किन्नर का आरोप है कि 28 सितंबर को उसके मोबाइल पर साजिश के तहत कॉल कर उसे लुहारली टोल के पास बुलाया गया। उसने बताया कि उसे एक नामी मिष्ठान विक्रेता के नाम से कॉल की गई। कॉलर ने कहा कि वह उसे बधाई देना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें दुकान पर आना होगा। हिना अपने साथियों को लेकर मिठाई की दुकान पर पहुंची, तभी वहां दूसरे गुट ने हमला कर दिया।
हिना का आरोप है कि दूसरे गुट में कुछ पुरुष भी हैं, जो किन्नर बनकर रहते हैं। वायरल वीडियो में हिना के हाथ बांधे हुए हैं और दूसरे गुट के अलावा कुछ पुलिसकर्मी भी खड़े दिख रहे हैं। हिना ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। उसका कहना है कि उसके खिलाफ पहले भी झूठा केस दर्ज कराया गया है। वह आलाधिकारियों और न्यायालय से भी न्याय की मांग कर रही है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान का कहना है कि मामला दो पक्षों में बधाई को लेकर विवाद है। हिना पर मारपीट आदि का केस दर्ज किया गया था। मामले में शांति भंग की कार्रवाई की जा चुकी है। मामले की जांच एसीपी दादरी को सौंपी गई है।