
Greater Noida News (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में एक अधिवक्ता ने दबंगई दिखाते हुए कानूनी दस्तावेजों में लिखे आदेश से छेड़छाड़ की और उस पर पेन से ओवरराइटिंग कर डाली। वकील की इस हरकत के खिलाफ कोर्ट रीडर ने थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज कराया है।
अपर मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट प्रथम के रीडर अनुराग कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि मारपीट गाली गलौज व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तराना व उसके पति अकीलुद्दीन उर्फ आकिल, राज चौहान के खिलाफ वारंट चल रहे थे। इस मामले में आरोपी अकीलुद्दीन अभियुक्त के साथ-साथ वकील होने के नाते अपने केस की पैरवी स्वयं ही कर रहे हैं। डायस पर अधिवक्ता अकीलुद्दीन ने उनसे उक्त पत्रावली मांगी जिस पर उसने कार्य की अधिकता उनके कारण मना कर दिया।
रीडर अनुराग कुमार के मुताबिक अकीलुद्दीन ने बगैर उसकी अनुमति के पत्रावली उठाकर अवलोकन करने लगे। पीठासीन अधिकारी द्वारा 28 जून को पत्रावली पर महत्वपूर्ण जानकारी अंकित की गई थी। अधिवक्ता ने 27 जुलाई 2022, 16 दिसंबर तथा 12 जनवरी 2023 के आदेश पत्र पर कटिंग कर दी। इसके बाद अधिवक्ता अकीलुद्दीन वहां से चले गए।
रीडर अनुराग कुमार के मुताबिक उक्त पत्रावली की आदेश पत्र लिखने के लिए जब फाइल खोली गई तो उसे पर ओवरराइटिंग का पता चला। इस पर उन्होंने इसकी सूचना पीठासीन अधिकारी को थी। थाना प्रभारी ने बताया कि अधिवक्ता के खिलाफ धारा 228 के तहत मामला दर्ज किया गया है पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।