
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा की विभिन्न सोसायटियों में लगी लिफ्ट यहां रहने वाले लोगों के गले की फांस बन रही है। कभी भी किसी भी सोसायटी की लिफ्ट बंद हो जाती है। बिल्डरों की लापरवाही का खामियाजा यहां रहने वाले लोग ही भुगत रहे हैं। शनिवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी के नागरिकों ने बिल्डर के नोएडा सेक्टर-63 स्थित कार्यालय पर प्रदर्शन किया, लेकिन नागरिकों की बात न सुने जाने पर लोगों ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आकर सोसाइटी के बाहर जाम लगा।
प्रदर्शनकारी नागरिकों का कहना है बिल्डर प्रबंधन मेंटेनेंस शुल्क लेने के बाद भी कार्य नहीं करा रहा है। सोसायटी की कई लिफ्ट लंबे समय से बंद हैं। पानी और बिजली का बिल भी बकाया है। इससे नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब दो घंटे तक जारी रहे विरोध प्रदर्शन के बाद बिसरख पुलिस ने समस्याओं को दूर कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद निवासियों ने विरोध प्रदर्शन बंद कर दिया।
महागुन मॉयवुड सोसायटी के नागरिकों का कहना है कि सोसायटी के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। हर माह मेंटेनेंस का पैसा दिया जाता है, लेकिन कोई काम नहीं होता है। कई लिफ्ट लंबे समय से बंद पड़ी है और निवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रबंधन ने लिफ्ट कंपनी को पूरे पैसा नहीं दिए गए है। सोसायटी में करीब 7 से 8 लिफ्ट ऐसी हैं जो काम नहीं करती है। साथ ही जो चालू है उनके रखरखाव ठीक से नहीं हो रहा है।
प्रदर्शन से लगी वाहनों की लंबी कतार
सोसायटी के नागिरकों द्वारा जाम लगाकर प्रदर्शन करने का असर यातायात पर भी पड़ा। नागरिकों के जाम से लंबा जाम लग गया। मार्ग के दोनोें ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे वाहन चालकों व सवारों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने निवासियों को समझाया। इसके बाद यातायात सुचारू करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।