
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के ज़ेवर क़स्बे के पास स्थित दयानतपुर गांव में सर्व हितकारी इन्टर कॉलेज स्थापित है। शनिवार को महिला सशक्तीकरण अभियान के तहत कालिज के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में छात्र छात्राओं द्वारा गांवों में रैली निकाली गई थी, जिसमें कालिज के अध्यापक भी व्यवस्था बनाने में मौजूद थे। सर्व हितकारी इन्टर कालेज दयानतपुर के प्रधानाचार्य तेजपाल सिंह भाटी ने बताया कि शनिवार को महिला सशक्तीकरण अभियान के तहत कालेज के सभी छात्र छात्राओं ने लोगों को जागरूक करने के लिये गांव दयानतपुर में रैली निकाली थी जिसमें कालेज के सभी अध्यापक व्यवस्था बनाने के लिये छात्र छात्राओं पर अपनी नजर बनाये हुए थे। उन्होंने बताया कि कालेज के कक्षा बारहवीं के दो छात्र रिषभ व अमन रैली में उत्पात मचा रहे थे।
कालेज के अध्यापक धर्मेन्द्र व शिवचरन ने दोनों छात्रों को समझाने का प्रयास किया तो दोनों छात्रों ने अपने शिक्षकों के साथ बदसलूकी कर हाथापाई कर दी। अपमान से नाराज शिक्षकों की शिकायत पर दोनों छात्रों का कालिज से नाम काट दिया गया।
जिससे नाराज छात्र रिषभ के चाचा गौरव ठाकुर ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ जेवर कोतवाली में मारपीट करने का आरोप लगा कर दोनों शिक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
अध्यापक धर्मेन्द्र व शिवचरन ने अपने शिक्षक साथियों के समर्थन के सहयोग से अपने कालेज के प्रधानाचार्य तेजपाल सिंह भाटी को शिकायती पत्र देते हुए कहा कि जब तक हमारे खिलाफ हुई एफआईआर वापस नहीं हो जाती हैं और दोनों छात्र अपनी गलती की माफी नहीं मांगते है तब तक कालेज में छात्र छात्राओं को शिक्षा ग्रहण नहीं करायी जायेगी और सभी शिक्षकों का पढ़ाई को लेकर बहिष्कार जारी रहेगा।
उधर, कालेज के प्रधानाचार्य तेजपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में शिक्षकों ने दोनों छात्रों के खिलाफ जेवर कोतवाली पुलिस को बदसलूकी कर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा कर नामजद तहरीर दी है।यह पूरा प्रकरण ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
क्या है पूरा मामला, यहां क्लिक करके पढ़े...