
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। घर बैठे मोबाइल फोन (Mobile Phone) पर वीडियो लाइक (video like) कर प्रतिदिन 10 हजार रूपए कमाने का लालच देकर साइबर ठग (Cyber Thug) ने एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाया। साइबर ठग (Cyber Thug) ने इन्वेस्ट पर बेहतर रिटर्न का झांसा देकर 4 लाख 47 हजार रुपए हड़प लिए। मुनाफा ना मिलने पर पीडि़त ने थाना बीटा-2 (Beeta-2) में मुकदमा दर्ज कराया है।
आदर्श विहार सोसायटी निवासी प्रवीण कुमार पाल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 28 मई को उसके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। इस मैसेज में वीडियो लाइक (video like) कर घर बैठे 10 हजार रूपए प्रतिदिन कमाने का ऑफर दिया गया था। उसने जब नंबर पर बात की तो आरोपी ने उसे अपना टेलीग्राम लिंक ज्वाइन कराया। शुरुआत में एक दिन में तीन वीडियो भेजी गई जिन्हें उसने लाइक कर दिया। आरोपी ने उसके अकाउंट में 1700 रुपए ट्रांसफर कर दिए।
प्रवीण कुमार ने बताया कि उक्त व्यक्ति ने उसे नया टास्क देकर और अधिक मुनाफा कमाने के लिए 700 रुपए इन्वेस्ट करने के लिए कहा। उक्त व्यक्ति ने बताया कि उनके द्वारा इन्वेस्ट किए गए पैसे पर काफी अधिक मुनाफा हुआ है वह और इन्वेस्ट करेंगे तो उन्हें और बेहतर मुनाफा होगा। जालसाज की बातों में आकर प्रवीण कुमार ने अलग-अलग तिथियों में करीब 447701 साइबर ठग के खातों में ट्रांसफर कर दिए। काफी समय बाद भी जब उन्हें इन्वेस्ट पर रिटर्न वापस नहीं मिला तो उन्होंने उक्त व्यक्ति को फोन किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। ठगे जाने का एहसास होने पर पीडि़त ने थाना बीटा-2 में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पीडि़त द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों व मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।