विज्ञापन

Greater Noida (चेतना मंच)। फॉर्च्यूनर, ब्रेजा और स्कार्पियो जैसी लग्जरी गाडिय़ां चोरी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को थाना बीटा-2 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की तीन लग्जरी गाडिय़ां बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी चोरी की गाडिय़ों के जाली कागजात तैयार कर उन्हें बेच देते थे। इस गिरोह के दो अन्य सदस्यों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
ग्रेटर नोएडा जोन के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि थाना बीटा दो प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सरफराज उर्फ दिलशाद उर्फ मुल्लाजी निवासी नूर गार्डन लिसाड़ी गेट मेरठ, इंद्रजीत कुमार निवासी अंबाला कैंट, मोहम्मद हारुन निवासी शाहदरा दिल्ली तथा सलाउद्दीन निवासी हापुड़ को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक तमंचा, चोरी की फॉर्च्यूनर, ब्रेजा व स्कॉर्पियो बरामद हुई।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी सरफराज उर्फ दिलशाद ने बताया कि वह मेरठ निवासी फरमान और इमरान के साथ मिलकर लग्जरी वाहनों को चोरी करता है। दोनों आरोपी के साथ मिलकर उसने अब तक दर्जनों लग्जरी वाहनों को चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया है। वाहनों को चोरी करने के पश्चात उन्हें बेचने की जिम्मेदारी इंद्रजीत कुमार, मोहम्मद हारुन व सलाउद्दीन पर होती है। तीनों आरोपी लग्जरी गाडिय़ां खरीदने के इच्छुक ग्राहक से एडवांस लेकर उसके फर्जी पेपर तैयार करवाते हैं।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए सरफराज पर मेरठ के नौचंदी, हापुड़ अमरोहा तथा सलाउद्दीन पर हापुड़ में अपहरण व धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत है। इस गिरोह के फरार सदस्य फरमान और इमरान की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
विज्ञापन