Greater Noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को कोहरे का कहर नजर आया। कोहरे के कारण कुछ भी दिखाई ना देने के कारण ग्रेटर नोएडा के पास दादरी बाईपास पर करीब दस वाहन आपस में टकरा गए। कई गाड़ियां एक ट्रक में जा घुसी, जिससे कई वाहन सवार घायल हो गए। तत्परता दिखाते हुए दादरी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया।
मंगलवार की तड़के दादरी बाईपास पर घने कोहरे की वजह से 8 से 10 वाहन आपस में टकरा गए और कई गाड़ियां एक ट्रक में जा घुसी। जिससे कई वाहन चालक घायल हो गए। हादसे की वजह से बाईपास पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसा होने की जानकारी पाकर दादरी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वाहनों को बाहर निकाल कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हुए वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारु कराया।
आपको बता दें कि पिछले चार पांच दिनों से नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत वेस्ट यूपी, पूर्वोत्तर यूपी समेत पूरे देश में ठंड का जबरदस्त प्रकोप बना हुआ है। हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से कुछ राहत मिलती है, लेकिन रात और सुबह के वक्त चलने वाली शीतलहर के कारण लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं। कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। दिल्ली और और गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली ट्रेन दो से बारह घंटों की देरी से चल रही है।
मंगलवार को नोएडा का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस बने रहने की संभावना है। हवा की गति 12 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है। मंगलवार की सुबह भी नोएडा और ग्रेटर समेत पूरे एनसीआर में कोहरा ही कोहरा नजर आ रहा था। कोहरे के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। जो वाहन सड़कों पर फर्राटा भरते थे, वह रेंगते हुए नजर आए। हाल यह है कि नोएडा की फैक्ट्रियों और कंपनियों में सुबह की शिफ्ट के लिए कर्मचारियों को लाने वाले वाहन भी बेहद ही कम स्पीड़ में चलते हुए नजर आए। कर्मचारी समय से अपनी अपनी कंपनी में नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिस कारण सुबह की शिफ्ट विलंब से शुरू हो रही है।