
Greater Noida : डाढा गांव में बीती शाम एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। गंभीर स्थिति में पति महिला को अस्पताल लेकर पहुंचा जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों ने थाना कासना में पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज के लिए उत्पीडि़त व हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम डाढा निवासी विकास अपनी पत्नी आरती 22 वर्ष को बेहोशी की हालत में जिम्स अस्पताल लेकर पहुंचा। परीक्षण के पश्चात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के पूछने पर विकास ने बताया कि आरती ने घर में फांसी लगा ली थी। सूचना मिलने पर आरती के पिता ओमपाल व अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने पुलिस को दहेज के लिए आरती की हत्या किए जाने की सूचना दी।
लुहारली गांव निवासी ओमपाल ने पुलिस को बताया कि उसकी पुत्री आरती की शादी करीब 2 वर्ष पूर्व विकास के साथ की थी। शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार खासा दान दहेज दिया था। इसके बावजूद भी विकास व उसके परिजन संतुष्ट नहीं थे। आरती पर आए दिन मायके से नगदी लाने का दबाव डाला जाता था। मांग पूरी ना होने पर उसे प्रताडि़त किया जाता था। ओमपाल ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी बेटी की हत्या कर दी गई है।
इस संबंध में उन्होंने आरती के पति विकास, देवर मोहित, देवरानी मीनाक्षी व सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।