
Greater Noida (चेतना मंच)। कूड़ीखेड़ा गांव में मारपीट की शिकायत करने के लिए दबंग पड़ोसियों के घर जाना महिला व उसके बेटे को खासा महंगा पड़ा। दबंगों ने लाठी डंडों से महिला व उसके बेटे के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने बलकटी से प्रहार कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीडि़त के पिता ने थाना बादलपुर में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम कूड़ीखेड़ा निवासी सतीश शर्मा ने थाना बादलपुर पुलिस से की शिकायत में बताया कि उनके भतीजे विनय शर्मा के साथ गांव के ही साहिल व रितिक ने मारपीट की। किसी तरह दोनों आरोपियों के चंगुल से बचकर विनय शर्मा घर पहुंचा और परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। सतीश के मुताबिक उनकी पत्नी अनीता, बेटा अंकुर, साहिल के घर इस मामले की शिकायत करने के लिए पहुंचे। इस दौरान आरोपी व उसके परिजन भडक़ उठे और उन्होंने दोनों को घेरकर लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
सतीश के मुताबिक साहिल, ऋतिक, विकास, प्रदीप तथा प्रवेश उर्फ हनुमान ने बलकटी और धारदार हथियारों से उसके बेटे के सिर पर कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। झगड़ा देखकर मौके पर लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हो फरार हो गए। सतीश के मुताबिक अस्पताल में भर्ती उसके बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। Greater Noida