
Greater Noida (चेतना मंच)। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) में दिव्यांग एथलीटों के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस-2023 मनाया गया। इस मौके पर 10 खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया।
एसोसिएशन ऑफ डिसेबल्ड पीपल (एडीपी) ने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) परिसर के एकलव्य मैदान में राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आरके सिन्हा उपस्थित रहे।
जीबीयू के कुलपति प्रोफेसर आरके सिन्हा ने विकलांग एथलीटों को पहचानने और उनका समर्थन करने के लिए एडीपी की पहल की सराहना करते हुए कहा, ‘इन एथलीटों द्वारा प्रदर्शित समर्पण और प्रतिभा को देखना खुशी की बात है। वे हम सभी के लिए सच्ची प्रेरणा हैं और दृढ़ संकल्प के मूल्यों का उदाहरण हैं।’ गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय को इस आयोजन की मेजबानी करने पर गर्व है और वह एशियाई खेलों में एथलीटों की सफलता की कामना करता है।
प्रो. सिन्हा ने एशियाई चैंपियनशिप में शामिल होने वाले 10 पैरा एथलीटों को भी बधाई दी। इस कार्यक्रम में जीबीयू के खेल परिषद के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार, एडीपी के महासचिव प्रदीप राज व सुश्री स्वर्णा राज भी उपस्थित रहीं। Greater Noida News