
ग्रेटर नोएडा न्यूज : यूपी के ग्रेटर नोएडा से आगरा तक बने यमुना एक्सप्रेसवे के आंवटियों को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YIEDA) के ऑफिस तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए यमुना प्राधिकरण ने अपनी ओर से खास योजना बनाई है। इस योजना के तहत यमुना प्राधिकरण (YIEDA) अपना नया ऑफिस बनाने जा रहा है। खास बात यह है कि यह नया दफ्तर जेवर एयरपोर्ट (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) के पास बनाया जाएगा।
आपको बता दें कि प्राधिकरण (YIEDA) का वर्तमान ऑफिस ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमेगा-1 कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में स्थित है। यूपी के जनपद गौतमबुद्धनगर की यमुना नदी बेल्ट के विकास में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YIEDA) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यमुना प्राधिकरण का कार्यक्षेत्र ग्रेटर नोएडा से आगरा तक है। इस क्षेत्र के विकास के लिए प्राधिकरण द्वारा जहां जेवर एयेरपोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की फिल्म सिटी का निर्माण भी कराया जा रहा है। यमुना प्राधिकरण की ओर से जेवर एयरपोर्ट के पास आवासीय कॉलोनी भी विकसित की जा रही है। इस क्षेत्र में देश विदेश के उद्योगपति निवेश कर रहे हैं, ऐसे में निवेशकों और आवंटियों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना ना करना पड़े, इसके लिए यमुना प्राधिकरण अपना नया दफ्तर बनाने जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का नया ऑफिस जेवर एयरपोर्ट के पास बनाया जाएगा। नए दफ्तर के निर्माण के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। 20 एकड़ में बनने वाले बहुमंजिला ऑफिस के लिए जमीन चिन्हित करने के लिए नियोजन विभाग को निर्देश दिए गए हैं। मुख्य ऑफिस के अलावा चार जोनल ऑफिस भी होंगे, ताकि आवंटियों को दिक्कत न हो। यमुना प्राधिकरण का क्षेत्र ग्रेटर नोएडा से लेकर आगरा तक फैला हुआ है। काफी बड़ा क्षेत्र होने की वजह से प्राधिकरण का नया ऑफिस जेवर एयरपोर्ट के पास बनाने की तैयारी चल रही है, ताकि आवंटियों को ऑफिस आने में दिक्कत न हो।
यमुना प्राधिकरण में स्थानांतरित होकर दो नए एसीईओ ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने उनको जिम्मेदारी दे दी है। एसीईओ श्रुति (एस) को बोर्ड मीटिंग, सीवीओ, आईजीआरएस, सीएम की घोषणाएं, एलएफडी, पर्सनल डिपार्टमेंट, एचआर, सामान्य प्रशासन, सीआर सेल, आरटीआई सीएम घोषणाएं समेत अन्य जिम्मेदारी दी गई है।
एसीईओ कपिल सिंह को इंडस्ट्रीयल, वेयरहाउसिंग, उद्योग बंधु, लैंड विभाग, सेक्टर-28, 32 और मेडिकल डिवाइस पार्क, एमएसएमई, सेमी कंडेक्टर पार्क, एसडीएजेड जेपी, कार्मिश्यल स्कीम समेत कई अहम जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा एसीईओ विपिन जैन को डाटा सेंटर पार्क, अपैरल पार्क, लीजबैक, शिफ्टिंग प्रकरण, लॉ विभाग, प्रोजैक्ट, सात फीसदी आबादी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, गांवों का विकास, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट समेत कई अहम विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।