
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रेटर नोएडा की जेवर कोतवाली क्षेत्र के गांव दस्तमपुर में जमीनी विवाद को लेकर गत दिनों दादा ने अपने दो पोतों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसमें से एक पोते ने उपचार के दौरान नोएडा के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि मृतक का चचेरा भाई गंभीर अवस्था में जेवर के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। मृतक के भाई की तहरीर पर जेवर कोतवाली ने दादा समेत परिवार के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा की जेवर कोतवाली के गांव दस्तमपुर निवासी रामेश्वर शर्मा ने अपने पोते ओमप्रकाश व चचेरे भाई जितेन्द्र को 19 सितम्बर को डेरी पर धोखे से बुला लिया। जहां रामेश्वर ने अपने पुत्र प्रदीप, पोते विनीत, पुत्रवधू प्रेमलता देवी पत्नी प्रदीप ने ओमप्रकाश व जितेन्द्र के साथ गाली गलौज कर धारदार हथियारों, लाठी डंडों व ईंटों से जानलेवा हमला कर दिया। दादा रामेश्वर शर्मा ने ओमप्रकाश व जितेन्द्र के सिर पर वार किया, जिससे दोनों भाई लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गये। परिजनों की मदद से दोनों भाईयों को गंभीर अवस्था में जेवर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीरता को देखते हुए ओमप्रकाश को नोएडा के निजी अस्पताल रेफर कर दिया। जहां ओमप्रकाश ने उपचार के दौरान मंगलवार को देर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी देते हुए मृतक के चचेरे भाई जितेंद्र ने बताया कि मेरे दादा रामेश्वर शर्मा के पांच पुत्र हैं। जिनमें प्रदीप, देवेन्द्र, प्रेमप्रकाश शर्मा, टेकचंद, धर्मदत्त है। दादा के नाम पर गांव में करीब 35 बीघा जमीन थी जिसमें से दादा रामेश्वर ने अपने पुत्र प्रदीप व देवेन्द्र की मदद से करीब तीस बीघा जमीन को बेच दिया था और उसकी धनराशि अपने दोनों पुत्रों को दी थी, जिसे लेकर मेरे पिता टेकचंद व दोनों चाचा विरोध करते थे। 25 सितम्बर को मेरे चाचा देवेन्द्र ने घटना के बाद मामला दर्ज होने के बाबजूद एक बीघा जमीन का बैनामा कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में कर दिया था।
मृतक के भाई जितेन्द्र की ओर से दादा रामेश्वर,प्रदीप,विनीत व प्रेमलता देवी पत्नी प्रदीप व दुसरे पक्ष की ओर से प्रदीप ने जीतू, ओमप्रकाश,विक्की,कैलाश, टेकचंद, धर्मदत्त, पुष्पक व प्रिंस के खिलाफ मामला दर्ज कराया है जिसमें जानलेवा हमले में ओमप्रकाश की मौत हो चुकी है, जहां बुधवार को उसका पुलिस बल की मौजूदगी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।