
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा 2 पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 12 बाइक, तीन फर्जी नंबर प्लेट तथा मास्टर चाबी बरामद हुई है। आरोपियों ने चोरी की दर्जनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि थाना बीटा 2 प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ सेक्टर अल्फा 2 के लेबर चौक के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने कर्मवीर सिंह उर्फ बबलू भाटी निवासी कठेड़ा, राहुल निवासी सारीपुर तथा कुणाल निवासी जनपद बुलंदशहर को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम नवादा में बंद पड़े मैरिज हॉल के पास से चोरी की 12 मोटरसाइकिल, तीन फर्जी नंबर प्लेट तथा दो मास्टर चाबी बरामद हुई।
एडीसीपी ने बताया कि इस गिरोह का सरगना कर्मवीर है तथा राहुल व कुणाल सक्रिय सदस्य हैं। पकड़े गए आरोपी दो पहिया वाहनों की रैकी करने के बाद मास्टर चाबी की सहायता से ताला खोलकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
इसके बाद पुलिस से बचने के लिए चोरी किए गए वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे। पकड़े गए आरोपियों ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली में करीब एक दर्जन से अधिक वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।