
Greater Noida News (चेतना मंच)। यूपी के ग्रेटर नोएडा में बैंक से पैसे निकाल कर दुकान पर चाय पी रहे किसान का ध्यान भटका कर दो लाख रुपये उड़ाने वाले टप्पेबाज को ग्रेटर नोएडा की थाना जेवर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से किसान के चोरी किए गए दो लाख रुपये भी बरामद किए हैं।
जेवर थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि एक सूचना के आधार पर खुर्जा अंडरपास से विशाल पुत्र माखन को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में विशाल के पास से 2 लाख रुपये बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसने यह पैसे 22 सितंबर 2023 को एक किसान का ध्यान भटका कर चोरी किए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि 22 सितंबर को किसान प्रेमचंद ने अपने 2 लाख रुपये चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने एसबीआई बैंक के अपने खाते से 2 लाख रुपये निकाले थे। इंडियन बैंक के पास वह एक खोखे पर चाय पीने के लिए रुक गया। रुपयों से भरा बैग पास में रखकर वह दुकान पर चाय पी रहा था। इस दौरान एक व्यक्ति ने उनके ऊपर बिस्किट खाकर थूक दिया। उक्त व्यक्ति ने बताया कि उसके कपड़ों पर गंदगी लगी हुई है। उक्त व्यक्ति शर्ट धुलवाने के बहाने मदद करने का दिखावा करने लगा।
प्रेमचंद के मुताबिक जैसे ही उसकी नजर चूकी तो उक्त व्यक्ति पैसों से भरा बैग लेकर चंपत हो गया। थाना प्रभारी ने बताया की विवेचना के दौरान विशाल पुत्र माखन का नाम प्रकाश में आया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तारी कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विशाल ने बताया कि वह टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देकर मध्य प्रदेश भाग जाता था। मामला ठंडा होने पर वह फिर टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी ने इस तरह की कई घटनाओ को अंजाम देना स्वीकार किया है। Greater Noida News