ग्रेटर नोएडा के बीचोंबीच बसेगा मिनी वंडर लैंड, तैयार होने वाली है जादुई दुनिया
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
23 Jun 2025 06:03 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट का लोकप्रिय डी पार्क अब नई रंगत और रौनक के साथ नजर आएगा क्योंकि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसके व्यापक सुंदरीकरण का खाका तैयार कर लिया है। करीब 9.25 करोड़ रुपये की लागत से इस पार्क को बच्चों के लिए 'चिल्ड्रन पार्क' की थीम पर विकसित किया जाएगा, जिसमें मनोरंजन और खेल से जुड़ी ढेरों आधुनिक सुविधाएं होंगी।
क्या-क्या मिलेगा डी पार्क में?
ग्रेटर नोएडा के डी पार्क में रंग-बिरंगी लाइटों से लेकर संगीतमय फव्वारे, आकर्षक मूर्तियां, टेनिस कोर्ट, झूले, ओपन जिम, पाथवे और बैठने के लिए छायादार झोपड़ियां बनाई जाएंगी। इसके साथ ही पूरे पार्क में हरियाली बढ़ाने के लिए खास किस्म के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे यह जगह और भी सुकूनदायक बन सके। डी पार्क का नवीनीकरण इस तरह से किया जाएगा कि बच्चे यहां दिन भर मनोरंजन कर सकें, और परिवारों को एक नया पिकनिक स्पॉट मिल जाए। आस-पास की बहुमंजिला सोसाइटियों और सेक्टरों में रहने वाले लोगों को अब कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं होगी वे अब खुद के इलाके में ही ताजगी और सुकून के पल बिता सकेंगे।
रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय
प्राधिकरण द्वारा चयनित कंपनी पार्क के निर्माण के बाद दो वर्षों तक उसका रखरखाव भी करेगी, ताकि सुविधाओं की गुणवत्ता बनी रहे और पार्क हमेशा जीवंत दिखे। उम्मीद है कि एक महीने के भीतर काम की शुरुआत हो जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सिर्फ डी पार्क ही नहीं, बल्कि पूरे शहर में करीब 20 थीम-आधारित पार्कों का विकास और सौंदर्यीकरण करने जा रहा है। इनमें चिल्ड्रन पार्क, वेस्ट वंडर पार्क, साइंस पार्क और आयुर्वेद पार्क शामिल हैं। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने बताया कि इन परियोजनाओं की निविदाएं जारी कर दी गई हैं और काम जल्द ही जमीन पर दिखाई देने लगेगा।
शहरवासियों के लिए बन सकता है नया ठिकाना
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वालों को अब सैर-सपाटे, बच्चों के खेल और परिवार संग समय बिताने के लिए बेहतरीन विकल्प मिलने जा रहा है और वह भी मुफ्त में। डी पार्क जल्द ही एक नई पहचान के साथ शहरवासियों का नया पसंदीदा ठिकाना बन सकता है। Greater Noida News