Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में स्थित शारदा यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में बीडीएस सेकेंड ईयर की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा ने सुसाइड नोट में यूनिवर्सिटी के टीचर सहित अन्य पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मृतका के परिजनों तथा छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के विरुद्ध जमकर आक्रोश जताया। मृतका के पिता ने थाना नॉलेज पार्क में यूनिवर्सिटी के डीन सहित 6 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
छात्रा ने कमरे में लगाई फांसी
गुड़गांव के अशोक विहार फेस-3 में रहने वाले रमेश जांगड़ा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि, उनकी बेटी ज्योति शारदा यूनिवर्सिटी में बीडीएस सेकेंड ईयर की छात्रा थी। ज्योति यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थी। बीती रात उन्होंने अपनी बेटी को फोन किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया इसके बाद उन्होंने उसकी रूममेट आयुषी गोस्वामी को फोन किया। आयुषी ने बताया कि कमरे का दरवाजा भीतर से बंद है। किसी अनहोनी आशंका के चलते वह तुरंत गुड़गांव से शारदा यूनिवर्सिटी पहुंचे। यहां आकर पता चला कि ज्योति ने अपने कमरे में फांसी लगा ली है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा किया जा रहा था प्रताड़ित
रमेश जांगड़ा के मुताबिक उनके पहुंचने तथा पुलिस के आने से पहले ही यूनिवर्सिटी के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनकी बेटी के शव को फांसी के फंदे से उतारकर शारदा अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सबूत भी मिटाने का प्रयास किया। रमेश जांगड़ा ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। यूनिवर्सिटी के डीन डॉ एम सिद्धार्थ, सेरी मैडम, महेंद्र, अनुराग अवस्थी और सुरभि द्वारा ज्योति को पर्सनल तौर पर टॉर्चर किया गया और उसे आत्महत्या के लिए उकसाया गया। दर्ज रिपोर्ट में रमेश जांगड़ा ने बताया कि बेटी की शिकायत पर वह बीते सोमवार को यूनिवर्सिटी पहुंचे और डीन समेत हेड से मिले।
डिप्रेशन में जाकर किया सुसाइड
उन लोगों ने आश्वासन दिया कि आगे से पर्सनल तौर पर ज्योति को टॉर्चर नहीं किया जाएगा और ना ही किसी तरह का मिस बिहेव किया जाएगा। इसके बावजूद भी 16 जुलाई को सुरभि मैडम ने उनकी बेटी को कंप्लेंट करने पर क्लास रूम में प्रताड़ित किया। 17 जुलाई को फिर महेंद्र, सेरी मैडम तथा आशीष चौधरी ने उनकी बेटी के साथ मिसबिहेव किया और धमकी दी कि वह उसके काम को अप्रूव नहीं करेंगे और एग्जाम नहीं देने देंगे। इस धमकी के बाद उनकी बेटी डिप्रेशन में चली गई और उसने सुसाइड कर लिया। ज्योति द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में उसने इन सभी बातों का जिक्र किया है। पुलिस ने रमेश जांगड़ा की शिकायत पर यूनिवर्सिटी के डीन सहित 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महेंद्र व सेली को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश
बता दें कि, जैसे ही यूनिवर्सिटी के छात्रों को ज्योति की मौत की खबर लगी तो वह यूनिवर्सिटी पर एकत्रित हो गए। छात्रों एवं मृतक के परिजनों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। सूचना मिलने पर देर रात ग्रेटर नोएडा डीसीपी साद मियां खान सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह छात्रों व परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आत्महत्या की इस घटना के बाद से छात्रों में शारदा यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ खासा आक्रोश व्याप्त है। Greater Noida News