जेवर एयरपोर्ट से जल्दी ही शुरू हो जाएगी हवाई उड़ान
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 01:09 AM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के पास स्थापित हो रहे जेवर एयरपोर्ट के विषय में बड़ी खबर आर्ई है। जेवर एयरपोर्ट को लेकर बड़ी खबर यह है कि जेवर एयरपोर्ट से जल्दी ही हवाई यात्रा शुरू होने वाली है। बुधवार को जेवर एयरपोर्ट के विषय में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बड़ी बात कही है। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा है कि जेवर एयरपोर्ट से हवाई उड़ान शुरू करने की तारीख की घोषणा बहुत जल्दी की जाएगी।
जेवर एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों की समीक्षा की है मुख्य सचिव ने
बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने जेवर एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों की विस्तार के साथ समीक्षा की है। इस दौरान उन्होंने साफ-साफ कहा है कि जेवर एयरपोर्ट से हवाई यात्रा जल्दी ही शुरू करने की घोषणा होने वाली है। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बुधवार को स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों में लगी विभिन्न एजेंसियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।
इस दौरान यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह, जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर मनीष कुमार वर्मा, यमुना विकास प्राधिकरण के ओएसडी/नोडल अधिकारी जेवर एयरपोर्ट शैलेंद्र कुमार भाटिया, उप जिलाधिकारी जेवर अभय कुमार सिंह, जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफ श्रेलमैन, चीफ डेवलपमेंट ऑफिसर जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट निकोलस शेंक, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर किरन जैन सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड ((YIAPL), टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड एवं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NIA)के अधिकारियों ने मुख्य सचिव को रनवे, टर्मिनल भवन, कार्गो सुविधाओं सहित अन्य बुनियादी ढांचे की प्रगति से अवगत कराया।
समय से पूरा करें जेवर एयरपोर्ट का निर्माण कार्य
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि एयरपोर्ट के शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, और इसके तहत उड़ान संचालन की अंतिम समय सीमा शीघ्र घोषित की जाएगी।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट परियोजना की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए तथा निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार एवं व्यापार के नए अवसर सृजित करेगा।
बैठक के उपरांत मुख्य सचिव ने टर्मिनल भवन, कार्गो स्थल एवं अन्य निर्माणाधीन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। Greater Noida News