सेना के जवान की केरल में मौत, ग्रेटर नोएडा में सेना के अधिकारियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 03:54 PM
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित खेड़ी भनौता गांव के रहने वाले सेना के जवान सुनील कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इल मामले की एफआईआर में केरल में तैनात सेना के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं।
Greater Noida News
बता दे कि मृतक सेना के जवान सुनील के परिजन इस मामले में तीन दिन से आरोप लगा रहे थे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश भाटी के हस्तक्षेप के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। उमेश ने मामले में डीएम सहित अन्य उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर पीड़ित परिवार पर बीत रही आपबीती के बारे में बताया।
परिजनों ने लगाया अधिकारियों पर आरोप
परिजनों के द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक सूरजपुर इलाके के खेड़ी भनौता गांव के सुरेंद्र कुमार का कहना है कि उनके भाई सुनील भारतीय सेना में हवलदार क्लर्क के पद पर तैनात थे। उनकी तैनाती केरल के कन्नूर में थी। 6 फरवरी की सुबह सुनील के परिजनों के पास फोन आया। उनको बताया कि सुनील ने आत्महत्या कर ली है। परिजन जब कन्नूर में शव लेने पहुंचे तो सुनील के सिर और आंख पर चोट लगी हुई थी। ऐसे में परिजनों को उनकी हत्या किए जाने का शक हुआ। आरोप है कि जब वह शव लेने केरल गए तो वहां मौजूद पुलिस के अधिकारी एसीपी वेणु गोपाल ने उनका सहयोग नहीं किया। यही नहीं मौत से पहले सुनील ने परिजनो को फोन करके बताया था कि उन पर किसी अन्य द्वारा किए गए घोटाले को स्वीकार करने का उच्च अधिकारी दबाव बना रहे हैं।
वाइस रिकार्डिंग में कैद है उत्पीड़न की कहानी
मृतक सेना के जवान के परिजनों का कहना है कि सुनील ने भाई को कॉल कर पूरे मामले की जानकारी दी थी। सुनील ने बताया था कि उस पर फर्जीवाड़ा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। वह इससे इन्कार कर रहा है तो कोर्ट मार्शल की धमकी दी जा रही है। इसकी वॉइस रिकार्डिंग भी परिजन के पास मौजूद है।
उमेश भाटी ने कही ये बात
इस मामले को लेकर गौतमबुद्ध नगर अध्यक्ष बार एसोसिएशन उमेश भाटी ने बताया कि सेना के जवान सुनील कुमार के परिजन को न्याय दिलाने के लिए जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों से मुलाकात की गई। अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेकर पैनल गठित कर सुनील के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया है। इसके बाद हत्या का केस दर्ज किया गया है। जिलाधिकारी से सुनील कुमार को शहीद का दर्जा देने की मांग की गई। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है।
पुलिस ने दी ये जानकारी
एसीपी 3 सेंट्रल नोएडा सुमित शुक्ला ने जानकारी देते हुए कहा कि मृतक सेना के जवान के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी फंदे से मौत की पुष्टि हुई है। शरीर पर दो जगह घिसट या खरोंच के निशान हैं। कोई गहरी चोट नहीं है।