
Greater Noida (चेतना मंच)। झगड़े व मारपीट के आरोप में वांछित चल रहे दो आरोपियों को थाना दादरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से दो तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपियों ने बताया कि उन पर चल रहे मुकदमों की वजह से अवैध हथियार साथ रखते हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर रूपवास बाईपास टी प्वाइंट जीटी रोड के पास से जॉनी पुत्र तेजवीर राणा व सुरेंद्र उर्फ सुगडु को गिरफ्तार किया। तलाशी में इनके पास से एक एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका कुछ समय पूर्व शोकिंदर पुत्र राजाराम से झगड़ा हो गया था जिसमें जमकर मारपीट हुई थी।
इस मामले में शोकिंदर ने उनके खिलाफ थाना दादरी में मुकदमा लिखवाया था जिसमें वह वांछित चल रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन पर चल रहे मुकदमे की वजह से ही वह अपने साथ अवैध हथियार रखते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।