सहारा सिटी पर चला बाबा का बुलडोज़र, अभी भी कट रही हैं अवैध कालोनी
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:50 AM
Greater Noida News : दिल्ली के पास स्थित ग्रेटर नोएडा के दादरी में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शनिवार को बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित सहारा सिटी की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण पर बुलडोजर चला दिया है। इस कार्रवाई में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने करीब 1.20 लाख वर्गमीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया है।
Greater Noida News
नोएडा प्रधिकरण द्वारा अवैध अतिकरमण को लेकर की गई इस कार्रवाई का खरीदारों और कॉलोनाइजरों ने विरोध किया। लेकिन पुलिस ने उनको उग्र नहीं होने दिया। प्राधिकरण ने जमीन पर बन चुके मकानों को जल्द सील करने की चेतावनी दी है।
736 बीघा जमीन बनाई जा रही थी अवैध कॉलनी
ग्रेटर नोएडा के छपरौला के पास स्थित सहारा सिटी और समतल फैक्ट्री की 736 बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। कॉलोनाइजर छोटे-छोटे प्लॉट काटकर लोगों को बेच रहे थे। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कार्रवाई के लिए प्राधिकरण के सीईओ को पत्र लिखा था। वहीं खतौली विधायक मदन भैया ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। इसके बाद प्राधिकरण ने कार्रवाई शुरू की।
12 जेसीबी के हटाया अवैध निर्माण
आपको बता दें कि प्राधिकरण ने कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया था। इस पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार को पुलिस, प्राधिकरण और प्रशासन के 150 से अधिक लोगों की टीम अवैध निर्माण हटाने पहुंची। करीब चार घंटे तक प्राधिकरण ने 12 जेसीबी के साथ अवैध निर्माण हटाया।
सैंकड़ों लोगों के फंसने के बाद जागा प्राधिकरण
सहारा सिटी की जमीन पर अवैध कॉलोनी काटने का काम लंबे समय से चल रहा था। इसकी शिकायत भी हुई, लेकिन प्रशासन और प्राधिकरण ने संज्ञान नहीं लिया। जिसका खामियाजा जमीन पर प्लॉट लेने वाले लोगों को भुगतना पड़ेगा। यहां 500 से अधिक लोग प्लॉट खरीद चुके है। उसकी रजिस्ट्री के साथ-साथ दाखिल खारिज भी हो चुका है, लेकिन तब प्राधिकरण और प्रशासन ने कॉलोनाइजरों को नहीं रोका, अब सैकड़ों लोग फंस चुके हैं।
ओएसडी हिमांशु वर्मा ने दी जानकारी
इस मामले को लेकर अफसरों ने बताया कि 1.20 लाख वर्गमीटर जमीन से अवैध कब्जा हटाया गया है। सुबह 11 बजे से तीन बजे तक अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई चली। प्राधिकरण की ओएसडी हिमांशु वर्मा ने बताया कि जमीन प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आती है। अवैध निर्माण करने वाले कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में जमीन पर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अगर कहीं पर अवैध निर्माण हो चुके हैं, तो उनको भी सील किया जाएगा।
सीईओ ने की लोगों से अपील
वहीं ग्रेटर नोएडा के सीईओ एनजी रवि कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना विभाग के सभी वर्क सर्किल प्रभारियों को निर्देश दिया है कि अधिसूचित क्षेत्र में कहीं भी अतिक्रमण हो रहा हो तो उसको अभियान चलाकर तोड़ा जाए। लोगों से कॉलोनाइजरों के चंगुल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई नहीं लगाने की अपील की है।