
Greater Noida (चेतना मंच)। थाना दादरी क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं थाना सूरजपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की जान चली गई।
थाना दादरी प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि शुक्रवार की सुबह सूचना मिली कि लुहारली टोल से कुछ दूरी पर सडक़ किनारे एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा हुआ है। मौके पर ही उसकी क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान शाहपुर बम्हेटा गांव निवासी कप्तान सिंह पुत्र अमन सिंह के रूप में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कप्तान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
वहीं थाना सूरजपुर क्षेत्र के देवला गांव के पास बीती रात्रि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। थाना प्रभारी के मुताबिक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थाना क्षेत्र की पुलिस को अज्ञात शव मिलने की सूचना दे दी गई है।
नोएडा के सेक्टर-57 स्थित कंपनी के बाहर लगे जनरेटर से चोरों ने पीसीबी पैनल चोरी कर लिए। विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर कंपनी प्रबंधन को चोरी की जानकारी हुई।
सेक्टर-57 स्थित फिलो डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्रतिनिधि विजू मैथू ने थाना सेक्टर-58 में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 17 जुलाई की रात्रि को उनकी कंपनी के बाहर लगे जनरेटर से चोरों ने पीसीबी पैनल चोरी कर लिए। बिजली जाने पर जब जनरेटर स्टार्ट नहीं हुआ तो उन्हें इस चोरी की जानकारी हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है। Greater Noida News