
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र से दो दिन पूर्व लापता हुए एक युवक का लहूलुहान शव जंगल से बरामद हुआ है। युवक के परिजन हत्या किए जाने की आशंका जाहिर कर रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर निवासी 35 वर्षीय कर्मवीर सिंह पुत्र औतार सिंह अविवाहित था। बताया जाता है कि दो दिन पूर्व कर्मवीर अपने घर से अचानक गायब हो गया।
परिजन कर्मवीर सिंह की खोजबीन करने में लगे हुए थे। सोमवार की शाम गांव लौदोना निवासी आशु शर्मा के ईंख के खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा तो ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक की शिनाख्त गांव इब्राहिमपुर निवासी कर्मवीर सिंह के रूप में की। मृतक कर्मवीर के सिर से खून बह रहा था और शरीर पर चोट के निशान थे।
शव मिलने की सूचना पर पहुंची जेवर कोतवाली पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। मृतक के बड़े भाई दलवीर सिंह का कहना है की कर्मवीर सिंह के सिर व शरीर पर चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम कराने व अंतिम संस्कार करने के बाद जेवर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी जायेगी। Greater Noida News