बातों में फंसाकर बदल दिया एटीएम कार्ड, निकाले 70 हजार
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 11:47 AM
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। एटीएम बूथ में पैसे निकालने गए एक व्यक्ति को अपनी बातों के जाल में फंसाकर दो युवकों ने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। एटीएम कार्ड बदलने के बाद उसके खाते से आठ बार में 70 हजार रुपये निकाल लिए। पीडि़त ने अज्ञात युवकों के खिलाफ थाना ईकोटेक-3 में मुकदमा दर्ज कराया है।
दो युवकों ने मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड बदला
हबीबपुर गांव में केशराम इंटर कॉलेज के पास रहने वाले बाबू ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह एटीएम से पैसे निकालने के लिए गया था। वह एटीएम में से पैसे निकाल रहा था लेकिन काफी प्रयास के बाद भी पैसे नहीं निकले। इस दौरान एटीएम बूथ में मौजूद दो युवकों ने उसकी मदद करने के बहाने उसका पिन नंबर देख लिया और धोखाधड़ी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। पैसे ना निकलने पर दोनों युवक उसे दूसरा एटीएम कार्ड थमा कर चले गए। कुछ देर बाद उसके मोबाइल फोन पर अकाउंट से पैसे निकलने के मैसेज आने लगे। बाबू के मुताबिक आठ बार में उसके खाते से करीब 70 हजार रुपये की धनराशि निकल गई। उसने इसकी सूचना तुरंत बैंक तथा साइबर सेल को दी। बैंक ने उसकी रिक्वेस्ट पर उसके क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक कर दिया। एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
सहायता करने के नाम पर करते हैं हाथ साफ
एटीएम बूथ में छेड़खानी कर मशीनों को जाम करके लोगों को सहायता के नाम पर लूटने का नुस्खा खूब पापुलर है। यह वारदात करने वाले आए दिन दिल्ली एनसीआर में किसी ना किसी को अपना शिकार बना लेते हैं। इस संबंध में लोगों को काफी जागरूक और सतर्क होना होगा ताकि ऐसे लोगों से बचा जा सके। कभी एटीएम कार्ड नहीं लगता है, कभी पैसे नहीं निकलते रहते हैं, ऐसे समय ये अपराधी तत्व मदद के नाम पर लोगों का पिन भी जान लेते हैं और सहायता के नाम पर कार्ड बदल देते हैं। और मौका मिलते ही उनका पैसा एक या कई बार में साफ कर देते हैं।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।