
Greater Noida News : (चेतना मंच)। गुरुग्राम की एक एल्युमीनियम पाइप बनाने वाली कंपनी ने रेल सिगनलिंग, लोकोमोटिव, ईएमयू इत्यादि इलेक्ट्रिक उपकरणों का निर्माण करने वाली जानी-मानी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी के साथ धोखा करते हुए लाखों रुपये का चूना लगा दिया। पाइप बनाने वाली कंपनी ने इलेक्ट्रॉनिक कंपनी को आयरन के ऊपर एल्युमिनियम के पेंट वाले पाइप भेज दिए। इससे कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
मैसर्स रिवर इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने थाना ईकोटेक थ्री में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी कंपनी इलेक्ट्रिकल स्विच गियर डोमेन रेल सिगनलिंग लोकोमोटिव कोच, ई एम यू इत्यादि इलेक्ट्रिक उपकरणों का निर्माण करती है। कंपनी को टी-6 कनेक्टर के विभिन्न भागों के निर्माण के लिए अल्युमिनियम पाइप्स ग्रेट 2014 की आवश्यकता हुई। इसके लिए कंपनी ने मैसर्स हार्दिक फिजिशियन ऑटोमेटिक इंडस्ट्रीज के अजय कुमार और श्रीमती ज्योति राठौड़ से संपर्क किया।
एल्यूमीनियम पाइप्स ग्रेट 2014 की आपूर्ति के लिए शर्तों के अनुसार कंपनी द्वारा 7928871 रुपए का अग्रिम भुगतान कर दिया गया। कंपनी द्वारा एल्युमिनियम पाइप्स की एक खेप ट्रक द्वारा 18 नवंबर 2023 को उद्योग केंद्र एक्सटेंशन 2 स्थित कंपनी के गोदाम पर भेजी गई। तकनीकी टीम ने जब अल्युमिनियम पाइप्स ग्रेट 2014 की जांच की तो पता चला कि कंपनी ने स्वीकृत सामग्री के बजाय आयरन के ऊपर एल्युमिनियम पेंटेड पाइप की आपूर्ति की है। ऑर्डर दी गई सामग्री से भेजी गई सामग्री बिल्कुल अलग थी।