मुख्यमंत्री योगी का तोहफा: जनपद में बनेंगे 32 करोड़ से दो अत्याधुनिक स्कूल
UP News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 02:16 AM
Greater Noida News : शिक्षा के क्षेत्र में जनपद गौतमबुद्ध नगर को एक बड़ी सौगात मिली है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ से दो नए कंपोजिट स्कूलों प्याक्ली (दादरी ब्लॉक) और पाली (अभ्युदय कंपोजिट स्कूल) का शिलान्यास किया। ये दोनों स्कूल कुल 32 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जाएंगे जो आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे।
निपुण भारत मिशन में उत्कृष्ट कार्य पर मिली प्रशंसा
इसी कार्यक्रम में बिसरख ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल छिजारसी की प्रधानाध्यापक अंजना वर्मा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। उनका स्कूल हाल ही में "निपुण स्कूल" घोषित हुआ है। अंजना वर्मा ने बताया कि बारिश के समय स्कूल में कई फुट तक पानी भर जाता था, जिससे बच्चों को खासी परेशानी होती थी। उनके लगातार प्रयासों के बाद अब स्कूल में दो मंजिला इमारत का निर्माण शुरू हो गया है। उन्होंने गर्व से कहा, "अब हमारा स्कूल प्रदेश का सबसे अधिक नामांकन वाला कंपोजिट स्कूल बन रहा है। फिलहाल 1200 से ज्यादा बच्चे नामांकित हैं, और नए सत्र में 300 नए नामांकन हुए हैं।" उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उन्हें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी है ताकि वे अन्य शिक्षकों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन सकें।
45,000 बच्चों के अभिभावकों को डीबीटी से मिली सहायता राशि
कार्यक्रम के दौरान जिले के लगभग 45,000 छात्रों के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से जूते, मोजे और ड्रेस खरीदने के लिए 1200 रुपये की राशि भी भेजी गई।
शिक्षकों का हुआ सम्मान
दादरी विधायक तेजपाल नागर और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जनपद में निपुण भारत मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार और खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण प्रसाद ने भी अंजना वर्मा को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी और कहा कि, "उनके नेतृत्व में स्कूल ने जिस तरह तरक्की की है, वह जिले के सभी शिक्षकों के लिए एक मिसाल है।" शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे ये सकारात्मक बदलाव जनपद के विकास की नई कहानी लिख रहे हैं। नए स्कूलों का निर्माण, बेहतर बुनियादी ढांचा और समर्पित शिक्षक मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत कर रहे हैं। Greater Noida News