Greater Noida News: सीएम योगी का ग्रेनो के बिजली उपभोक्ताओं को तोहफा, 10 फीसदी सस्ती मिलेगी बिजली
CM Yogi
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:47 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:47 AM
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा। महंगी बिजली से आजिज ग्रेटर नोएडा के लोगों को यूपी की योगी सरकार ने शनिवार को बड़ा तोहफा दिया है। उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) के सभी उपभोक्ताओं के लिए बिजली यूनिट दरों में 10 प्रतिशत की कटौती का ऐलान किया है। इससे ग्रेटर नोएडा के लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। ग्रेटर नोएडा में सैकड़ों की संख्या में सोसायटी, कालोनियों और गांवों में रहने वाले लाखों लोग बढ़े हुए बिजली दरों से परेशान थे। दाम में कटौती का सबसे अधिक लाभ सोसायटी में रहने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगा।
एनपीसीएल ने पिछले साल उपभोक्ताओं से बिजली आपूर्ति की औसत लागत से कहीं ज्यादा कमाई की थी। इसे लेकर पिछले दिनों उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने एक बैठक की थी। इस बैठक में एनपीसीएल की चालू वित्तीय वर्ष के लिए बिजली दर के प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी। सुनवाई के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने कंपनी द्वारा लागत से प्रति यूनिट 2.05 रुपये तक ज्यादा कमाने का मुद्दा उठाते हुए बिजली दर कम करने और मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की थी।
नोएडा पावर कंपनी का लाइसेंस अगले वर्ष 30 अगस्त को खत्म हो जाएगा। इसी के मद्देनजर राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने ग्रेटर नोएडा की बिजली आपूर्ति कंपनी से वापस लेकर पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम को सौंपने की मांग रखी है। इस बाबत परिषद के अध्यक्ष ने कहा कि 30 वर्ष पुराने लाइसेंस की शर्तों के तहत प्रदेश सरकार और पावर कारपोरेशन को लाइसेंस खत्म होने की तिथि से एक वर्ष पहले कंपनी को नोटिस देना होगा। ऐसे में अगले 39 दिनों में कंपनी को कानूनन नोटिस देना होगा।