
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गढ़ी समस्तीपुर में एक फार्म हाउस के पास एक गाय मृत अवस्था में पड़ी हुई मिली जबकि दूसरी गायब घायल थी। ग्रामीणों का आरोप था कि फार्म हाउस संचालक ने गाय की पीट-पीटकर हत्या की है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखकर मौके पर थाना प्रभारी पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
ग्रेटर नोएडा के गढ़ी समस्तीपुर गांव के पास स्थित सैनिक फार्म हाउस से कुछ दूरी पर शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने एक गाय को मृत अवस्था में पड़े हुए देखा। पास में ही एक गाय घायल अवस्था में बैठी हुई थी। मृत गाय को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना था कि गाय अक्सर फार्म हाउस के पास चरने के लिए आती थी, लेकिन फार्म हाउस मालिक गायों को भगा देता था। ग्रामीणों का आरोप है कि गायों को बेरहमी से पीटा गया है जिससे एक गाय की मौत हो गई।
जानकारी मिलने पर मौके पर थाना प्रभारी विपिन कुमार पहुंचे। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृत गाय के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं है।
उन्होंने आशंका जताई कि गाय की मृत्यु संभवत: किसी बीमारी अथवा प्राकृतिक रूप से हुई है। घायल गाय के बारे में उन्होंने बताया कि उसके मुंह पर चोट के जो निशान है, वह सड़क किनारे लगे हुए तार अथवा बैरिकेटिंग में मुंह लगने के कारण आए हैं। उन्होंने बताया कि मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया है। पशु चिकित्सक जांच करने के बाद मौत के कारण की जानकारी देंगे।