
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के आधुनिक शहर ग्रेटर नोएडा से सटे तथा कौरव और पांडवों के गुरु द्रोणाचार्य द्वारा बसाई गई ऐहितासिक नगरी दनकौर की शाम बेहद ही शानदार होने वाली है। इस ऐतिहासिक नगरी में चल रहे द्रोण मेले में गुरुवार, 14 सितंबर की शाम प्रादेशिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अनोखे सांस्कृतिक कार्यक्रम की सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है और प्रस्तुति देने के लिए कलाकार दनकौर पहुंच गए हैं।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा शहर की ठीक बगल में दनकौर कस्बा है। इतिहासकार बताते हैं कि दनकौर की स्थापना महाभारत काल के कौरवों व पांडवों के गुरू द्रोणाचार्य ने की थी। गुरू द्रोणाचार्य की याद में दनकौर में मंदिर व एक विशाल गऊशाला भी बनी हुई है। श्री द्रोण गऊशाला का संचालन करने वाली श्री द्रोण गऊशाला समिति ही हर साल यहां कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर मेले का आयोजन करती है। इस वर्ष दनकौर के मेले को 100 वर्ष पूरे हो गए हैं। 100 वर्ष पूरे होने पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मेले की स्वर्णजयंती मनाई जा रही है।
इन दिनों ऐतिहासिक नगरी दनकौर में द्रोण मेला आयोजित हो रहा है। 17 सितंबर तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज यानि 14 सितंबर की शाम को मेले के सांस्कृतिक पंडाल में प्रादेशिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें पंजाब से आए कलाकारों द्वारा जहां भांगडा की प्रस्तुति दी जाएगी, वहीं दक्षिण भारत से आए कलाकारों द्वारा दक्षिण भारतीय नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा दिल्ली और मुंबई से आए कलाकारों द्वारा श्रीराधा कृष्ण नृत्य व लोक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
मेला आयोजन समिति श्री द्रोण गऊशाला समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार गर्ग ने बताया कि 15 सितंबर को दादी सती की याद में भजन संध्या आयोजित होगी। इसी कड़ी में 16 सितंबर को “मेरा गांव मेरा राष्ट्र” के नाम से आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। 17 सितंबर को मेले से पूरे दनकौर नगर में भगवान श्रीकृष्ण की याद में भव्य कान्हा जी की पालकी निकाली जाएगी। 17 सितंबर की शाम को ही मेले में रागनी गायन का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रसिद्ध रागनी गायक बेगराज सिंह, प्रियंका चौधरी तथा उद्यम सिंह नागर अपने-अपने स्टाईल में रागनी सुनाएंगे।
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के दनकौर में लगने वाले ऐतिहासिक मेले की पूरी व्यवस्था दनकौर नगर में रहने वाले नागरिक ही करते हैं। इस व्यवस्था के लिए श्री द्रोण गऊशाला प्रबंधन समिति बनाई हुई है। इस समिति में प्रसिद्ध समाजसेवी राकेश कुमार गर्ग अध्यक्ष, मनीष कुमार अग्रवाल कोषाध्यक्ष, रजनीकांत अग्रवाल प्रबंधक, मोहित गर्ग उपाध्यक्ष, संजीव मांगलिक उप प्रबंधक का दायित्व संभालते हैं। Greater Noida News