
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा में ढाबे पर मुफ्त में खाना न खिलाने से गुस्साये दो सगे भाइयों ने ढाबा संचालक के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के बाद दोनों दबंग भाइयों ने ढाबे में जमकर तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आरोपियों के द्वारा की गई मारपीट की यह पूरी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। ढाबा संचालक की शिकायत पर थाना बादलपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्रेटर नोएडा के ग्राम छपरौला निवासी श्रीकृष्ण ने थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका दादरी जीटी रोड पर बादलपुर गांव के पास भोला नाम से ढाबा है। उसके ढाबे पर बादलपुर निवासी टीटू नागर उसका भाई अक्सर खाना खाने के बाद बिना पैसे दिए चले जाते थे। ढाबे के कर्मचारी अगर पैसे मांगते थे तो आरोपी उन्हें हड़का देते थे। श्रीकृष्ण के मुताबिक उसने टीटू नागर से खाने के पैसे मांग लिए जिसके बाद वह धमकी देकर चला गया। 27 सितंबर की शाम को टीटू नागर अपने छोटे भाई के साथ उसके ढाबे पर पहुंचा और गाली गलौज शुरू कर दी।
गाली-गलौज का विरोध करने पर टीटू नागर व उसके भाई ने लाठी डंडों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में वह तथा उसका भतीजा नवनीत घायल हो गया। मारपीट के बाद टीटू नागर ने दबंगई दिखाते हुए होटल में जमकर तोड़फोड़ की और बर्तन व अन्य सामान फेंक दिया। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
श्रीकृष्ण के मुताबिक टीटू नागर व उसका भाई दबंग किस्म के व्यक्ति हैं। दोनों भाई उसके ढाबे पर खाना खाने के बाद बिना पैसे दिए चले जाते हैं। पैसे मांगने पर दोनों भाई उसे तथा स्टाफ को जान से मारने की धमकी देते थे। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।