नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ेगा ईस्टर्न कॉरिडोर, जमीन के लिए अधिग्रहण शुरू
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:41 PM
Greater Noida News : डेडिकेटेड फ्रेंड कॉरिडोर कॉरपोरेशन आफ इंडिया (DFCCIL) के ईस्टर्न कॉरिडोर का न्यू खुर्जा जंक्शन सड़क के जरिये नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ेगा। खुर्जा-जेवर मार्ग में एयरपोर्ट व कॉरिडोर को जोड़ने की योजना पर काम शुरू हो चुका है। करीब चार किमी लंबी सड़क का निर्माण करने वाली एजेंसी का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। सड़क बनाने के लिए 04 किमी लंबी सड़क का निर्माण करने के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है।
न्यू खुर्जा जंक्शन नोएडा एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल से जुड़ेगा
दरअसल डीएफसीसी ने ईस्टर्न कॉरिडोर को नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ने का फैसला लिया था। मई, 2023 में इसकी योजना बनी थी, लेकिन काम धीमी गति से चल रहा था। सड़क के माध्यम से न्यू खुर्जा जंक्शन को खुर्जा-जेवर मार्ग से जोड़ा जाएगा। अफसरों ने बताया कि, उसी से ईस्टर्न कॉरिडोर का न्यू खुर्जा जंक्शन नोएडा एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल से जुड़ेगा। इसके लिए करीब 4 किमी लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण व किसानों को मुआवजा बांटने की प्रक्रिया चल रही है। जमीन मिलने के बाद सड़क बनाने का काम शुरू होगा।
व्यापारियों और उद्यमियों को होगा काफी फायदा
हालांकि, सड़क बनाने वाली एजेंसी का चयन होना अभी बाकी है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। एयरपोर्ट से कॉरिडोर जुड़ने के बाद व्यापारियों और उद्यमियों को काफी फायदा होगा। एयरपोर्ट पर देश-विदेश से सामान आएगा जो ईस्टर्न कॉरिडोर की मदद से आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में भेजा जाएगा। इन औद्योगिक क्षेत्र के कारोबारियों व उद्यमियों को भी अपने उत्पाद विदेश भेजने होंगे। न्यू खुर्जा जंक्शन से नोएडा एयरपोर्ट तक सामान भेजा और लाया जाएगा। एयरपोर्ट के शुरू होने तक डीएफसीसी भी योजना का काम पूरा कर लेगी।