
Greater Noida (चेतना मंच)। नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र के केंद्रीय विहार सेक्टर पी-4 में चोरों ने एक मकान से लाखों रुपए के आभूषण, नगदी व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय पूरा परिवार दीपावली की छुट्टियों में घूमने के लिए रणथम्बोर (राजस्थान) गया हुआ था। छुट्टियां बिताने के बाद परिवार के सदस्य जब वापस घर लौटे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।
नोएडा के सेक्टर पी-4 केंद्रीय विहार ग्रेटर नोएडा निवासी कौशलेंद्र कुमार सिंह ने थाना बीटा-दो में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बीते 13 नवंबर को अपने परिवार सहित दीपावली के अवकाश पर घूमने के लिए रणथंबोर गए थे। 16 नवंबर को जब है घर वापस लौटे तो उन्हें मुख्य दरवाजे पर लगा हुआ ताला टूटा हुआ मिला। घर के भीतर जाने पर सारा सामान अस्त-व्यस्त तथा अलमारी के ताले टूटे हुए मिले। मास्टर बेडरूम के अंदर रखी अलमारी से 8 कीमती घड़ियां, सोने का मंगलसूत्र, हीरे के दो सेट, नेकलेस, कान का रिंग, तीन सोने के सेट, मोती के सेट, प्लैटिनम का कड़ा, नगदी व कीमती सामान गायब था। उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी।
थाना बीटा-2 प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल कर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आपको बता दें कि केंद्रीय विहार की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 24 घंटे मुख्य द्वार पर गार्ड तैनात रहते हैं इसके बावजूद भी यहां हुई चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोल दी है।
नोएडा के ग्राम इलाहाबास निवास निवासी योगेश खारी ने थाना सेक्टर-113 में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका छोटा भाई संजीव खारी ट्रैक्टर चलाता है। बीते 29 अक्टूबर को वह ट्रैक्टर टैंकर को लेकर सोरखा गांव की सब्जी मंडी गया था। सब्जी मंडी के बाहर ट्रैक्टर को खड़ा कर वह सब्जी लेने के लिए चला गया। कुछ देर बाद जब वापस आए तो ट्रैक्टर और टैंकर गायब थे।
थाना बिसरख क्षेत्र के तीगरी वेलकम गेट के पास सब्जी लेने गए एक व्यक्ति के ई रिक्शा पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पीड़ित सोनू कुमार ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। भीम कॉलोनी यूसुफपुर चक शाहबेरी निवासी रवि कुमार ने थाना बिसरख में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी स्कूटी डायमंड प्लाजा के सामने खड़ी की थी कुछ समय बाद जब वापस लौटा तो उसे स्कूटी गायब मिली।
थाना ईकोटेक तीन में कुलेसरा निवासी प्रीति देवी ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके पति अजय सिंह ने रात्रि में अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी की थी। सुबह जब परिजन सो कर उठे तो उन्हें बाइक गायब मिली।
नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र के सेक्टर-92 से चोरों ने एक व्यक्ति का लैपटॉप, मोबाइल फोन तथा जरूरी कागजात चोरी कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सेक्टर-92 में रहने वाले रोशन कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह एक कंपनी में कार्यरत है।
बीते 15 नवंबर को वह कंपनी से ड्यूटी खत्म कर अपने कमरे पर आ गया। अगले दिन जब वह सो कर उठा तो उसे कमरे में रखा लैपटॉप, मोबाइल फोन, आधार पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य जरूरी कागजात गायब मिले। उसने आसपास अपने सामान की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों का खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।