ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना दादरी में तीन नामजद सहित 8 लोगों के खिलाफ मारपीट व रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी दुकान चलाने की एवज में दुकानदार से रंगदारी मांग रहे हैं।
मोहल्ला गौतमपुरी दादरी निवासी सागर गौतम व हर्ष गौतम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी रेलवे रोड मार्केट में दिल्ली फार्मेसी नाम से हाइपर न्यूट्रिशन की दुकान है। सोमवार सुबह उनकी दुकान पर अदनान पुत्र हबीब कुरैशी वसीम पुत्र एम डी खान, शादाब सहित आठ लोग पहुंचे। इन लोगों ने आते ही पैसे देने की मांग की।
पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान रखे पैसे निकाल लिए। पीडि़त का आरोप है कि यह लोग पूर्व में भी उन्हें धमकी दे चुके हैं। आरोपी का कहना है कि उन्होंने कहा कि अगर उन्हें दुकान चलानी है तो पैसे देने पड़ेंगे। दहशत फैलाने के उद्देश्य से आरोपी अक्सर उन्हें अवैध हथियार दिखाकर डरा धमका रहे हैं। थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि पीडि़तों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
खेलने गया बच्चा घर नहीं लौटा
नोएडा के सेक्टर-15 स्थित नया बांस गांव में रहने वाला 11 वर्षीय बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बच्चा घर से खेलने के लिए बाहर गया था जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। नया बांस गांव निवासी रूबी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनका 11 वर्षीय बेटा प्रिंस बीते 14 अक्टूबर को घर से खेलने के लिए बाहर गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। घर वापस न लौटने पर परिजनों ने प्रिंस की काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। थाना फेस-1 प्रभारी ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है पुलिस बच्चे की तलाश कर रही है।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।