किसानों ने लगाया प्राधिकरण पर बड़ा आरोप, CM योगी का निर्देश याद दिलाया
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:35 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 08:35 PM
Greater Noida News : नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सक्रिय किसान संगठन ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा तथा यमुना प्राधिकरण के ऊपर बड़ा आरोप लगाया है। किसान संगठन का आरोप है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों का पालन करने में नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तथा यमुना प्राधिकरण फेल साबित हो रहे हैं। किसान संगठन का बड़ा आरोप है कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा तथा यमुना प्राधिकरणों के अधिकारी किसानों के लिए बनाई गई हाई पावर कमेटी की सिफारिशों को लागू नहीं कर रहे हैं।
किसान संघर्ष मोर्चा ने लगाया ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर बड़ा आरोप
नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के किसानों ने मिलकर किसान संघर्ष मोर्चा नामक एक संगठन बना रखा है। बुधवार (19 फरवरी 2025) को किसान संघर्ष मोर्चा के एक प्रतिनिधि मंडल ने ग्रेटर नोएडा में गौतमबुद्धनगर के जिला अधिकारी मनीष कुमार वर्मा से मुलाकात की। इस मुलाकात में किसान नेताओं ने नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तथा यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के ऊपर वायदा खिलाफी का आरोप लगाया। किसान नेताओं ने जिलाधिकारी से पूरे मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग रखी। इस पर गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का जल्द ही समाधान कराया जाएगा।
नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा के किसान नेताओं ने जारी किया प्रेस नोट
नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सक्रिय किसान नेताओं ने एक प्रेस नोट जारी किया है। इस प्रेस नोट में, किसान संघर्ष मोर्चा के नेताओं ने डीएम गौतमबुद्धनगर से मिलकर प्राधिकरण स्तर पर हाई पावर कमेटी की सिफ़ारिशों को लागू नहीं करने का आरोप लगाया और नाराजगी व्यक्त की। किसान संघर्ष मोर्चा के नेताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी एवं मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि, प्राधिकरण स्तर पर अधिकारीगण आपके स्पष्ट निर्देश के बावजूद हाई पावर कमेटी की सिफारिशों को लागू नहीं कर रहे हैं। यह भी गौरतलाब है कि आंदोलन के दौरान मुख्य सचिव ने किसानों की समस्याओं को डेढ़ महीने के अंदर हल करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। परंतु प्राधिकरण समस्याओं को दूर करने के बजाय हमेशा की तरह समस्याओं को लटकाए हुए हैं।
यह भी गौरतलब है कि डीएम द्वारा सर्किल रेट रिवीजन के लिए डेढ़ वर्ष पूर्व कमेटी बनाई गई थी परंतु आज तक सर्किल रेट का रिवीजन नहीं हुआ है। इस संबंध में डीएम गौतमबुद्धनगर ने आज अवगत कराया कि जल्दी ही सर्किल रेट रिवाइज हो जाएंगे। किसान संघर्ष मोर्चा के नेताओं ने मांग रखी कि, तीनों प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों के साथ हाई पावर कमेटी की सिफारिश को लागू करने 10% प्लाट और नए कानून को लागू करने के संबंध में गंभीर बातचीत आयोजित कराई जाए। डीएम के स्तर पर एवं प्राधिकरण के स्तर पर किसानों के मुद्दों को लेकर गंभीरता नहीं दिख रही है इससे किसानों में रोष और नाराजगी फैल रही है।
किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने एनटीपीसी की समस्याओं के संबंध में तुरंत वार्ता आयोजित करने के संबंध में डीएम के सामने मांग रखी। डीएम ने कहा है कि, 26 फरवरी के बाद बातचीत आयोजित कराकर समस्याओं का हल किया जाएगा। किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने कहा कि, डीएम से वार्ता विस्तार के साथ हुई है। साथ ही चेतावनी दी कि हमने डीएम को अवगत करा दिया है कि, यदि किसानों के मुद्दों पर गंभीरता दिखाई नहीं दी तो आंदोलन में जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने डीएम के साथ हुई वार्ता के संबंध में बयान दिया कि, हमने डीएम साहब को गंभीरता के साथ अवगत करा दिया है कि सर्किल रेट के रिवीजन हाई पावर कमेटी की सिफारिश को प्राधिकरण स्तर पर लागू करने 10% आबादी प्लाट और नए कानून को लागू करने के संबंध में प्राधिकरणों के अधिकारियों के साथ डीएम मिलकर गंभीरता से आयोजित करें अन्यथा किसान संघर्ष मोर्चा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा के किसान नेता रहे शामिल
गौतम बुध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में सक्रिय अनेक किसान नेता शामिल थे इन किसान नेताओं में किस परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा, किसान सभा के जिला अध्यक्ष रूपेश वर्मा, उदल आर्य, वीर सिंह नागर, जगबीर नंबरदार, गबरी मुखिया, कुंवर पाल प्रधान, जयप्रकाश आर्य, गुरप्रीत एडवोकेट, रणवीर यादव, प्रेमपाल चौहान, बुधपाल यादव, दुर्गेश शर्मा उपस्थित रहे।