
Greater Noida News (चेतना मंच)। यूपी के ग्रेटर नोएडा में बीते दिनों काम करने के दौरान करंट लगने से हुई मजदूर की मौत के मामले में दो ठेकेदारों के खिलाफ थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रहने वाले गुलफाम अली ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उसका भाई जीशान बोरिंग करने वाले ठेकेदार खुशी मोहम्मद व खुशमुद्दीन के यहां काम करता था। बीते 8 नवंबर को जीशान एक व्यक्ति के यहां बोरिंग का काम कर रहा था। बोरिंग के दौरान मौके पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे और विद्युत तार भी नंगे पड़े हुए थे। बिजली के नंगे तारों से जीशान को करंट लगा और वह बेहोश होकर गिर गया ठेकेदार व साथी कर्मचारी उसे एक अस्पताल ले गए जहां उसकी मौत हो गई।
गुलफाम अली ने आरोप लगाया कि उसके भाई की मृत्यु के काफी समय बाद उन्हें मौत की सूचना मिली। उन्होंने जब ठेकेदारों से संपर्क किया तो वह उन्हें बरगलाते रहे और जीशान की मौत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो दोनों ठेकेदार उसके भाई के शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए।
इस संबंध में जब ठेकेदारों से फोन पर संपर्क करने किया गया तो उन्होंने अभद्र व्यवहार करते हुए इस मामले की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।