
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा शहर को आगरा तक लखनऊ से जोडऩे वाले एक्सप्रेस-वे पर खास इंतजाम किए जा रहे हैं। ग्रेटर नोएडा व आगरा के बीच वाले इस एक्सप्रेस-वे का नाम यमुना एक्सप्रेस-वे है। इस सड़क पर आए दिन बड़े-बड़े एक्सीडेंट होते रहते हैं। इन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एफएफ रेडियो की मदद लेने का फैसला किया गया है।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा के परी चौक के पास से आगरा तक यमुना एक्सप्रेस-वे बना हुआ है। यमुना एक्सप्रेस-वे यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के क्षेत्र में पड़ता है। इस एक्सप्रेस-वे पर प्रतिदिन कोई न कोई एक्सीडेंट होता रहता है। कुछ एक्सीडेंट तो इतने भयानक हुए हैं कि उनमें एक साथ कई-कई लोगों की जान चली गई। इस समस्या से निपटने के लिए YEIDA के CEO डा. अरूण वीर सिंह ने एफएम रेडियो (FM Radio) का सहारा लेने का फैसला किया।
FM के जरिए लगातार ग्रेटर नोएडा से आगरा तक में एक्सप्रेसवे की स्थिति को बताया जाएगा। एक्सप्रेस-वे किस समय कोहरा (फॉग) कहां पड़ रहा है, कहां पर दुर्घटना प्रभावित क्षेत्र है, कहां पर कोई वाहन खराब हो गया है, कहां पर गलत दिशा से वाहन चल रहा है। इस प्रकार की सारी जानकारियां एफएम रेडियो पर लगातार प्रसारित की जाएंगी। ऐसा होने से यमुना एक्सप्रेस-वे पर आने-जाने वाले वाहनों के चालक सतर्क रह सकेंगे। उनकी सर्तकता के कारण एक्सीडेंट होने की संभावना कम हो जाएगी।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक्सीडेंट रोकने के लिए जल्द ही किसी प्रमुख एफएम रेडियो चैनल के साथ करार (Agreement) किया जाएगा। इस एग्रीमेंट के बाद उस एफएम रेडियो को यमुना एक्सप्रेस-वे पर खूब प्रचार किया जाएगा।
यह प्रयास किया जाएगा कि ग्रेटर नोएडा तथा आगरा के बीच वाहन चलाने वाले चालक अपने वाहन में उस एफएम रेडियो को ऑन करके रखें। ऐसा करने से एक्सप्रेसवे की सभी जानकारियां चालकों को मिलती रहेंगी।
यीडा के अधिकारियों का मानना है कि इस अनूठे प्रयोग से यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक्सीडेंट कम हो जाएंगे। देश के कुछ प्रमुख मार्गों पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHI) ने इस प्रकार का प्रयोग पहले भी किया है। वह प्रयोग काफी सफल बताया जाता है।