
Greater Noida News : सावधान ! यदि आप ग्रेटर नोएडा शहर अथवा आसपास के किसी गांव में रहते हैं तो जरा सावधान हो जाएं। आपके शहर ग्रेटर नोएडा में इन दिनों एक शातिर ठग घूम रहा है। यह ठग अपने आपको सेना से लेकर दूसरे सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने के नाम पर ठग सकता है। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के ही एक गांव के आधा दर्जन लोगों को इस ठग ने पहले ही ठग लिया है।
आपको बता दें कि भारतीय सेना व उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी लगवाने का झांसा देकर जालसाज ने एक व्यक्ति से 14 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ने पैसे लेने के बाद बाकायदा पीडि़तों को सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित हुई प्रवेश परीक्षा दिलवाकर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। नौकरी न लगने पर पीडि़तों ने थाना बिसरख में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम चिपियाना बुजुर्ग निवासी बृजेश कुमार गिरि ने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के बिसरख थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके भतीजे सुनील गिरी के साथ ग्राम कुंवरपुर थाना पहासू जनपद बुलंदशहर निवासी अंकुर राघव पढ़ता था। दोनों के बीच अच्छी जान पहचान थी। कुछ समय पूर्व अंकुर राघव उनके घर आया और बताया कि उसकी सेना में नौकरी लग गई है और उसकी ड्यूटी कर्नल साहब के साथ चल रही है। इसके अलावा वह अपने मुंहबोली बहन को उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी के पद पर कार्यरत बताता था।
बृजेश कुमार गिरी के मुताबिक अंकुर राघव ने उनके भतीजे सुनील गिरी व अन्य जानकारों की सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। सुनील गिरी की भारतीय सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर उसने उनसे 4.30 लाख रुपए लेकर भर्ती का फॉर्म भरवा दिया। इसके बाद अंकुर राघव ने उनके दूसरे भतीजे राजेश गिरी की उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे 600000 रूपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
बृजेश कुमार गिरी के अनुसार, आरोपी ने उनकी लेखपाल के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे 500000 रूपये ले लिए। आरोपी ने सभी लोगों का ऑनलाइन फॉर्म भरवाकर परीक्षा भी दिलाई। लेकिन किसी का भी नंबर नहीं आया। नौकरी न लगने पर उन्होंने जब अपने पैसे वापस मांगे तो अंकुर राघव ने तरह-तरह के बहाने बनाने शुरू कर दिए। इस दौरान उन्होंने जब जानकारी की तो पता चला कि अंकुर राघव लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का काम करता है।
बृजेश कुमार गिरी के मुताबिक फेसबुक के माध्यम से उन्हें जानकारी हुई की अंकुर राघव ने खुद को सेना में कर्नल बताकर अनूप नाम के व्यक्ति से अग्निवीर की परीक्षा पास कराने के नाम पर 3 लाख रुपए ठग लिए हैं। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर अंकुर राघव के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला न्यायालय के निर्देश पर दर्ज किया गया है।
आपको यह भी बता दें कि यह ठग जिन लोगों को ठगता है उन्हें ऑनलाइन फर्जी परीक्षा भी दिलवा देता है। परीक्षा देने वाले को इस प्रकार जाल में फंसाया जाता है कि उसे यकीन हो जाता है कि वह सरकारी नौकरी के लिए असली परीक्षा दे रहा है। इस ठग ने ग्रेटर नोएडा में और कितने नागरिकों को ठग लिया है इसकी छानबीन की जा रही है।