जालसाजों ने बिल्डर से दो करोड़ हड़पे, अदालती आदेश पर 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
ग्रेटर नोएडा
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:39 AM
Greater Noida News : जैसे-जैसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा में जमीन की कीमतों में इजाफा हो रहा है। वैसे ही जमीन बेचने के नाम पर ठगी के मामले भी बढ़ रहे हैं। आए दिन जालसाज लोगों को सस्ती दरों पर जमीन बेचने के नाम पर अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक और मामला प्रकाश में आया है। यहां दादरी रोड पर स्थित जमीन को बेचने के नाम पर जालसाजों ने एक बिल्डर से दो करोड रुपये ठग लिए। अपने साथ हुई ठगी की शिकायत बिल्डर ने पुलिस से की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई इसके बाद उसने न्यायालय में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
जमीन खरीद फरोख्त का कार्य करता है शिवांग ढाका
न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में सेक्टर-47 निवासी शिवांग ढाका ने बताया कि वह अपनी कंपनी मैसेज अर्थव इंफ्रास्ट्रक्चर के द्वारा जमीन खरीद फरोख्त का कार्य करता है। मई 2023 में तुस्याना गांव के पूर्व प्रधान रविंद्र भाटी, अजीत चौहान, बच्चन सिंह व सरीन फॉर्म मंदिर के पुजारी ने उसे सरीन फॉर्म पर बुलाया। यहां इन लोगों ने उसकी मुलाकात सुरेश कुमार सरीन, सचिन सरीन से कराई। इन लोगों ने बताया कि सुरेश कुमार सरीन की एक भूमि दादरी में रोड सेक्टर-47 में है जिसे वह बेचना चाहता है। बातचीत के दौरान सभी लोगों ने बताया कि उक्त जमीन से संबंधित एक वाद उच्च न्यायालय इलाहाबाद में लंबित है जो उनके हक में तय होना निश्चित है। इसके बाद उक्त भूमि फ्री होल्ड हो जाएगी और उसे जमीन की कीमत बहुत ज्यादा हो जाएगी। इन लोगों की बातों में आकर उसने उक्त जमीन का सौदा 31 करोड रुपए में कर लिया। बयाना के तौर पर उसने 500000 रुपये नगद में 45 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से सुरेश कुमार सरीन के खाते में ट्रांसफर कर दिए। 1 जून 2023 को सुरेश सरीन व उसके पुत्र सचिन सरीन ने सरीन फॉर्म में एक एमओयू साइन किया। इसके उपरांत सुरेश सरीन व अन्य लोगों ने उक्त जमीन की पैमाइश करने तथा अन्य खर्चो के नाम पर उसे लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की धनराशि और ले ली। एमओयू साइन होने के 1 वर्ष बीतने के पश्चात जब उसने उन लोगों से केस स्टेटस मांगा और पंजीकृत अनुबंध करने के लिए कहा तो उन्होंने टालमटोल शुरू कर दी।
हथियारों के बल पर आतंकित करते हुए धमकी दी कि पैसे मांगे तो अंजाम सही नहीं होगा
शिवांग ढाका के मुताबिक सुरेश सरीन ने 14 जून 2023 व 13 जुलाई 2024 को उसे दो अधिकार पत्र इस आशय से दिए कि वह चाहे तो अपना अधिवक्ता नियुक्त कर उच्च न्यायालय इलाहाबाद में जमीन संबंधी मामले की पहले स्वयं कर सकता है। उसने जब उच्च न्यायालय मे जमीन के केस के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि यह केस लंबे समय से लंबित है और उसे पर जल्द ही कोई निर्णय आने की भी आशा नहीं है। इसके बाद उसने सचिन सरीन व सुरेश सरीन से संपर्क कर उक्त भूमि का अनुबंद करने को कहा इस पर उन्होंने भूमि का अनुबंध करने से इंकार कर दिया। उसने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे सरीन फार्म पर बुलाया वहां पहुंचने पर आरोपियों ने उसे हथियारों के बल पर आतंकित करते हुए धमकी दी कि वह अपने पैसे भूल जाए अगर उसने पैसे मांगे तो इसका अंजाम सही नहीं होगा। उसने इसकी सूचना थाना ईकोटेक तीन पुलिस को दी। पुलिस ने उसके शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं कि इसके बाद उसने न्यायालय में आरोपियों के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की गुहार लगाई। प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने सुरेश कुमार सरीन, सचिन सरीन, पूर्व प्रधान रविंद्र भाटी, अजीत चौहान, बच्चन सिंह व सलीम फॉर्म मंदिर के पुजारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के निर्देश दिए हैं।