
Greater Noida (चेतना मंच)। गांजा तस्करी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले 9 बदमाशों के खिलाफ गौतम बुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। गैंगस्टर में निरूद्घ किए गए आरोपियों को पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
थाना सूरजपुर प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि गांजा तस्कर अमित, जितेंद्र कुमार, महेश, सचिन व सोनू के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। पकड़े गए आरोपी गांजा तस्कर है और संगठित गिरोह बनकर गांजा तस्करी करते हैं। उन्होंने बताया कि इस गिरोह का गैंग लीडर फिरोज खान पुत्र रज्जाक निवासी कैला भट्टा है।
थाना ईकोटेक-3 प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि लूट चोरी के वारदातों को संगठित तरीके से अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्य विपिन नागर, अमर सिंह वाल्मीकि, निलेश राजपूत व जगबीर के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इस गिरोह का गैंग लीडर विपिन नागर है। गिरोह के सदस्य संगठित तरीके से लूट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनके क्रियाकलाप पर रोकथाम के लिए उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत कार्रवाई की गई है।
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने अलग-अलग स्थान से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है पकड़े गए एक बदमाश के पास से तमंचा कारतूस भी बरामद हुए हैं। थाना एक्सप्रेसवे प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पिछले 1 साल से फरार चल रहे बलराम उर्फ अनित उर्फ अंडा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ चोरी लूट व जानलेवा हमले सहित विभिन्न मामले दर्ज थे। पुलिस ने इसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी जिसमें यह वांछित चल रहा था।
थाना बादलपुर पुलिस ने अच्छेजा गांव के पास से गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे तालिब को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ लूट व चोरी के विभिन्न मामले दर्ज थे। पुलिस ने इसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी।
वहीं, थाना रबूपुरा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे आदिल को कस्बे से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ चोरी व लूट के कई मामले पंजीकृत है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।