यमुना सिटी से जुड़ेंगे ग्रेनो और ग्रेनो वेस्ट, एयरपोर्ट जाना होगा आसान
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
23 Jul 2025 01:22 AM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
23 Jul 2025 01:22 AM
Greater Noida News : यमुना सिटी और नोएडा एयरपोर्ट की आवाजाही ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट से आसान होगी। इसके लिए ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर सड़क को यमुना सिटी की 120 मीटर सड़क से जोड़ने की योजना है। यहां जरूरी अंडरपास और रोटरी के निर्माण के अलावा सड़क चौड़ीकरण पर काम शुरू कराने की ग्रेनो प्राधिकरण की तैयारी है। इस सड़क के जुड़ने के बाद आवागमन सुगम हो जाएगा।
आर्किटेक्ट कंसल्टेंट से डिजाइन तैयार कराने के लिए कहा
प्रोजेक्ट को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंजीनियरों से भी तकनीकी रूप से संभावित पहलू पर बात की। एसीईओ ने अब इंजीनियर्स को इसके लिए आर्किटेक्ट कंसल्टेंट से डिजाइन तैयार कराने के लिए कहा है। अधिकारियों का कहना है कि इसके पूरा होने के बाद गाजियाबाद के लोगों को भी नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने में आसानी होगी। अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क बनाने की जरूरत होगी। इसके साथ ही घंघोला रोटरी भी बनाई जाएगी। 130 मीटर रोड ग्रेनो वेस्ट के चार मूर्ति चौक से सिरसा तक बनी हुई है। नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद वाहनों का दबाव और बढ़ेगा। ट्रैफिक की सुगमता के लिए विकल्पों की तलाश की जा रही है। इस निरीक्षण में वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह, प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और अन्य मौजूद रहे।
रोटरी कराई जाएंगी छोटी
अधिकारियों का कहना है कि 130 मीटर सड़क को 120 मीटर से जोड़ने के काम में पहले से बनी रोटरी को छोटा भी किया जा सकता है। कुछ रोटरी ट्रैफिक के लिहाज से बड़ी हैं। इनको छोटा करने से अतिरिक्त लेन ट्रैफिक के लिए बन सकेगी। सिरसा के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को पार करने के लिए अंडरपास बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। इस पर कंसल्टेंट से जल्द ही सलाह लेकर प्राधिकरण आगे बढ़ेगा। इसके साथ ही औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक 9, 10 व 11 को जोड़ने के लिए घंघोला के पास रोटरी बनाने पर भी विचार किया जा रहा है।
60 मीटर रोड होगी चौड़ी, 130 मीटर सड़क पहुंचना होगा सुगम
130 मीटर रोटरी से मिगसन तक 60 मीटर सड़क का चौड़ीकरण होगा। इस पर करीब आठ करोड़ रुपये की लागत आएगी। इससे ईटा-2 के अलावा ग्रेटर नोएडा के दूसरे इलाकों से आनेजाने वालों को फायदा होगा। ग्रेनो प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक फ्रेट कारीडोर के लिए तैयार हो रहे न्यू दादरी रेलवे स्टेशन के बनने के बाद इस सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा। इसके अलावा नोएडा एयरपोर्ट जाने के लिए भी वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी। ऐसे में सड़क के चौड़ीकरण की आवश्यकता है। इसके लिए 130 मीटर रोटरी से मिगसन रोटरी के बीच सड़क को चौड़ा किया जाना है। कुछ हिस्से में सड़क का काम अधूरा भी है। इसे भी प्राधिकरण बनवाएगा। संभावना जताई गई है कि अगले महीने से यहां काम शुरू हो जाएगा। सड़क बनाने वाली कंपनी ही अगले तीन साल तक टूटफूट की जिम्मेदारी उठाएगी।